पानी की समस्या से परेशान महिलाओं ने जाम लगाया, सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए
हीरा नगर में एक महीने से लोगों के घरों में पानी का संकट बना है। मंगलवार को गुस्साए महिलाओं ने घेल रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान महिलाओं ने सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर: शहर में हीरा नगर में एक महीने से लोगों के घरों में पानी का संकट बना है। मंगलवार को गुस्साए महिलाओं ने घेल रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान महिलाओं ने सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं से जाम खुलवाने का प्रयास भी किया। लेकिन महिलाओं ने जाम खेलने से मना कर दिया। मौके पर महिलाओं ने पानी की समस्या के समाधान की मांग की।
शहर के जैन कॉलेज रोड पर स्थित हीरा नगर में एक महीने से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। लोगों को पीने का पानी तक बड़ी मुश्किल से मिल रहा है। हालांकि शुरुआत में पब्लिक हेल्थ के अफसरों ने अपने टैंकरों से जलापूर्ति की गई। इसके बाद लोग खुद ही अपने खर्चे पर पानी के टैंकर मंगवाकर इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां का नलकूप काफी समय से खराब होने से लोगों के घरों में पानी का संकट बना है।
मंगलवार को इस क्षेत्र की गुस्साई महिलाओं का सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने पेयजल की सुचारू आपूर्ति की मांग को लेकर घेल रोड के पास धरने पर बैठ गई। महिलाओं ने सड़क पर पत्थर रख दिये और किसी भी वाहन को वहां से गुजरने नहीं दिया। इन महिलाओं का कहना था कि पब्लिक हेल्थ विभाग को वह दर्जनों बार अपनी समस्या बता चुके हैं, लेकिन उन्हें सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिल रहा है। उन्हें अपने खर्चे पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। पानी की कमी के चलते लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त होकर रह गया है।
जाम के दौरान इन महिलाओं ने हरियाणा सरकार मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। महिलाओं के जाम लगाने की सूचना पर जब पुलिस को मिली तो सदर थाना की इंचार्ज नितिका खट्टर व अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय महिलाओं व लोगों को जाम खोलने का आग्रह किया। इसके बाद मौके पर पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन दिनेश गाबा को बुलाया, जिसके बाद वह भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एक्सईन दिनेश गाबा ने महिलाओं ने आश्वासन दिया है कि जल्दी ही पेयजल समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। जब तक यह समस्या दूर नहीं होती तब तक विभाग की ओर टैंकरों से जलापूर्ति की जाएगी।