संदिग्ध परिस्थितयों में महिला ने पी लिया फिनायल, अस्पताल में भर्ती
छावनी के महेशनगर की एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थिति में घर में रखा फिनायल पी लिया।
जागरण संवाददाता, अंबाला : छावनी के महेशनगर की एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थिति में घर में रखा फिनायल पी लिया। फिनायल पीने से महिला की हालत बिगड़ने लगी, यह देख परिजन उसे नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। महिला के मायके पक्ष से आए लोगों ने बताया कि उसकी बेटी को ससुरालजन परेशान करते हैं। अब तो हद हो गई है और आए दिन मारपीट भी करते रहते हैं। आरोप लगाया कि महिला के पति का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध बनते जा रहे हैं, इसे लेकर आएदिन मारपिटाई भी की जाती है। फिनायल पीने से पहले महिला ने अपनी मोबाइल में वीडियो बनाया। महिला को अस्पताल में देखने पहुंचे उसके मायके वालों बताया कि यह कदम उठाने से पहले उसने वीडियो बनाकर हकीकत को बयां किया है। जब मोबाइल देखने के लिए मांगा तो पहले आनाकानी की जाने लगी। कई बार मांगने के बाद जब उसके हाथों में महिला की मोबाइल पहुंची तो उसमें से वीडियो डिलीट किया जा चुका था। ऐसा आरोप महिला का भाई लगा रहा है।