यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सुपर मार्केट में दो दुकानों को लगाई सील तो दुकानदारों ने किया विरोध
नगर निगम अंबाला शहर के कर विभाग ने मंगलवार को बस अडडे के सामने सुपर मार्केट में दो दुकानें दुकानदार ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता,अंबाला शहर : नगर निगम अंबाला शहर के कर विभाग ने मंगलवार को बस अडडे के सामने सुपर मार्केट में दो दुकानें दुकानदार द्वारा किराया नहीं जमा करने के कारण सील कर दी। इसके विरोध में मार्केट एसोसिएशन ने नगर निगम उप आयुक्त से आपत्ति दर्ज कराते हुए सील खोलने की मांग की। अधिकारी ने कुल किराये का कम से कम 30 प्रतिशत भुगतान प्राप्त होने के बाद ही सील खोलने पर सहमति जताई। कार्रवाई पर गतिरोध की स्थित बनी रही।
जानकारी के अनुसार, बस अड्डे के सामने सुपर मार्केट में दुकान संख्या-1 और 4 पर नगर निगम के किराया विभाग की टीम ने सील लगा दी। इस दौरान कार्रवाई का विरोध भी किया गया, लेकिन टीम अपना काम करके लौट आई। दोपहर में मार्केट एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम पहुंचा और डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल करतार सिंह का कहना था कि नियमानुसार तीन साल से अधिक का किराया निगम नहीं वसूल सकता। सील की गई दुकानों पर दस साल तक का किराया लगा दिया गया है। विभाग पहले किराया सही करके भेजता तो किराया जमा कराने में दुकानदार को कोई आपत्ति नहीं होती। करतार सिंह ने सील को नियम विरुद्ध लगाने की बात कहते हुए इसे खोलने की मांग की। उधर, अमन ढांडा का कहना था कि अगर समय रहते नियमित तौर पर हर साल किराया जमा कराया जाता तो यह नौबत नहीं आती। दुकानदार की लापरवाही से निगम की आमदनी प्रभावित हो रही है। किराये की गणना अगर गलत है तो पहले कुल किराये का 30 प्रतिशत जमा करा दें। बाकी किराया गणना होने के बाद जमा कराएं, जिसके बाद सील खोल दी जाएगी।
