मंडी में गेहूं की आवक हुई तेज, रविवार को करीब 51 हजार क्विंटल पहुंची
बैसाखी के बाद अब मंडी में गेहूं की आवक रफ्तार पकड़ने लगी है। रविवार को मंडी में 50 हजार 900 क्विंटल गेहूं की आवक हुई।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर :
बैसाखी के बाद अब मंडी में गेहूं की आवक रफ्तार पकड़ने लगी है। रविवार को मंडी में 50 हजार 900 क्विंटल गेहूं की आवक हुई। अब तक मंडी में करीब 86 हजार क्विटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। हालांकि, कई दिनों तक मंडी बंद रहने से रविवार को भी किसान अपनी बारी आने का इंतजार करते नजर आए। वहीं, मौसम विभाग ने एक बार फिर किसानों की चिता बढ़ा दी है। अगले सप्ताह मंगलवार से बृहस्पतिवार तक बरसात की संभावना व्यक्त की गई है जो कि किसानों का खेल बिगाड़ सकती है। किसानों के मुताबिक मंडी में खरीद एजेंसियां अपनी रफ्तार बढ़ाएं और उठान भी साथ हो।
करीब तीन दिनों तक मंडी में खरीद को लेकर गतिरोध बने रहने से लेबर को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिहार से आए रामचंद्र ने बताया कि आढ़तियों की हड़ताल के चलते उन्हें आढ़तियों से मेहनताना नहीं मिला। हालांकि, खरीद होने से उम्मीद बंधी है कि अब उन्हें दिक्कत नहीं झेलनी पड़ेगी। किसान हरजीत सिंह ने बताया कि उसके पास दो ही एकड़ की फसल है जिसे वह शुक्रवार को किराये की टैक्ट्रर ट्राली में लेकर आया था। उसकी फसल नहीं बिकने से उसे ट्रैक्टर ट्राली का भी किराया देना पड़ा।
फोटो- 39
मंडी में खरीद में अब तेजी लाई जाए
सुलतानपुर से फसल लेकर आए किसान गुरनाम सिंह ने बताया कि वह सुबह से अपनी गेहूं लेकर मंडी में इंतजार कर रहा है। गेहूं घर से सूखा कर लेकर आया था। खरीद में तेजी लाई जाए जिससे कि किसानों को इंतजार न करना पड़े।
फोटो- 40
किसान को मौसम का डर सता रहा
पंजाब के घनौर से आए किसान परमजीत ने बताया कि वह शनिवार को ही मंडी में गेहूं लेकर आ गया था। दोपहर 2 बजे तक नहीं बिक पाई थी। किसानों को मंडी के साथ साथ खेत में भी मौसम का डर सता रहा है।
फोटो-41
किसान को गेहूं साथ के साथ बिके
जलबेहड़ा गांव के किसान विक्रम सिंह के मुताबिक वह सुबह से ट्रैक्टर ट्राली में ही अपना अनाज लेकर खड़ा हुआ है। किसानों का अनाज साथ ही साथ बिकना चाहिए।