लोकतंत्र की प्रणाली को मजबूत करने के लिए वोट अवश्य बनवाना चाहिए : डीसी
भारत विश्व का सबसे बड़ा प्रजातांत्रिक देश है। लोकतंत्र की प्रणाली को मजबूत करने के लिए हमें अपना वोट अवश्य बनवाना चाहिए।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : भारत विश्व का सबसे बड़ा प्रजातांत्रिक देश है। लोकतंत्र की प्रणाली को मजबूत करने के लिए हमें अपना वोट अवश्य बनवाना चाहिए तथा उस मत का प्रयोग भी धर्म, जाति व समुदाय से उपर उठकर अपने संयम से सोच-समझकर करना चाहिए। यह बात डीसी अशोक कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पीकेआर जैन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शहर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कहीं।
इससे पूर्व उपायुक्त ने मत के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूल परिसर से जागरूकता रैली को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीसी ने कहा कि 25 जनवरी 1950 को चुनाव आयोग की स्थापना की गई थी। चुनाव आयोग पिछले कईं वर्षों से निष्पक्ष ढंग से चुनाव सम्पन्न करवा रहा है। लगभग 136 करोड़ जनसंख्या है, जिसमें से लगभग 84 करोड़ वोटर हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में लगभग 2 करोड़ 90 लाख की जनसंख्या है, जिनमें से लगभग 1 करोड़ 73 लाख वोटर हैं। जिले में नए मतदाताओं के पंजीकरण की संख्या बढ़ी है, जिसके लिए चुनाव कार्यालय अंबाला बधाई का पात्र है। कार्यक्रम का आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य यही है कि लोगों में वोट के प्रति जागरूकता आए और जो भी युवा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका है वह अपना वोट अवश्य बनवाएं।