विज ने शहीद गुप्ता की प्रतिमा का अनावरण कर प्रतिमा को किया सैल्यूट
गृह मंत्री अनिल विज ने छावनी पंजाबी बाग क्रॉस रोड नम्बर 2 के नजदीक सेक्रेड हार्ट स्कूल के पास शहीद मेजर योगेश गुप्ता की प्रतिमा का अनावरण करते हुए उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें सैल्यूट किया।
जागरण संवाददाता, अंबाला : गृह मंत्री अनिल विज ने छावनी पंजाबी बाग क्रॉस रोड नम्बर 2 के नजदीक सेक्रेड हार्ट स्कूल के पास शहीद मेजर योगेश गुप्ता की प्रतिमा का अनावरण करते हुए उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें सैल्यूट किया। उन्होंने योगेश गुप्ता के पिता वेद प्रकाश गुप्ता को शॉल व फूल भेंटकर उनका स्वागत किया तथा उनके पैर छूकर उनका सम्मान करते हुए आशीर्वाद भी लिया।
गृह मंत्री ने कहा कि शहीद हमारे प्रेरणा स्त्रोत हैं। आज यहां पर मेजर शहीद योगेश गुप्ता की प्रतिमा लगाई गई है। हर अंबाला वासी गर्व महसूस करेगा और जब भी वे यहां से गुजरेंगे उन्हें मेजर शहीद योगेश गुप्ता की प्रतिमा के माध्यम से देश भक्ति की भावना पैदा होगी और जिन्होंने बहादुरी का परिचय देते हुए देश के लिए अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया।
मेजर योगेश गुप्ता वर्ष 2002 में जम्मू व कश्मीर में पुंछ के सूरनकोट इलाके में आतंकवादियों का सामना करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। सुबह साढ़े चार बजे घोर अंधेरे में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान पेट में गोली लगने के बावजूद वे आगे बढ़ते रहे और चार खूंखार आतंकवादियों को मार गिराया था।