अंबाला में टांगरी नदी में मिले युवक के शव की शिनाख्त नहीं, मौत का रहस्य गहराया
अंबाला छावनी के टांगरी नदी में मिले युवक के शव की दूसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ...और पढ़ें
-1792840326351_m.webp)
टांगरी नदी में मिले युवक के शव की शिनाख्त नहीं। सांकेतिक फोटो
HighLights
टांगरी नदी में मिला युवक का अज्ञात शव।
दूसरे दिन भी नहीं हो सकी शव की पहचान।
पुलिस हत्या की आशंका पर कर रही है जांच।
जागरण संवाददाता, अंबाला। अंबाला छावनी के महेश नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को टांगरी नदी से युवक का शव मिलने के बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एक दिन बीत जाने के बावजूद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
वहीं, जिस हालत में युवक का शव मिला उससे उसकी मौत का रहस्य भी गहरा गया है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए आस-पास के थानों से संपर्क किया है। साथ ही आस-पास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई हैं।
शुक्रवार शाम करीब पांच बजे टांगरी नदी में एक 30-35 साल के युवक का शव मिला था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन, शनिवार शाम तक भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। जिस स्थान पर शव पड़ा था वहां पानी कम था और झाड़ियां खड़ी थी। जिससे युवक की हत्या होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बिंदू पर भी जांच कर रही है।
हालांकि, शुरुआती जांच में शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले थे। जिस कारण युवक की मौत का रहस्य अभी तक बरकरार है। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे के लिए अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही मौत की स्थिति स्पष्ट होगी।
टांगरी नदी से युवक का शव मिलने के मामले में अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया है। शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
- कुलदीप सिंह, डीएसपी अंबाला छावनी।
