शहर बस अड्डे में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग
शहर में बस अड्डे के परिसर में नगर निगम मल्टीलेवल पार्किंग बनाएगा।
कपिल कुमार, अंबाला शहर
शहर में बस अड्डे के परिसर में नगर निगम मल्टीलेवल पार्किंग बनाएगा। यहां पार्किंग के निर्माण से वाहन चालकों और राहगीरों को जाम से निजात मिलेगी। परिवहन निगम से एनओसी मिलने के बाद निर्माण शुरू होगा। यहां पर करीब 13 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
शहर में बस अड्डे के बाहर रेहड़ी-फड़ी मार्केट लगती है। इस वजह से मुख्य बाजार में भीड़ रहती है। यहां पर लोग सामान खरीदने के लिए आते हैं। ऐसे में लोगों को वाहन खड़े करने में दिक्कत आती है। वहीं पार्किंग में वाहनों के नहीं लगने से शाम में वाहनों के दबाव बढ़ने पर जाम भी लगता है। इस पर निगम ने लोगों की समस्या को दूर करने के लिए मल्टीलेवल पार्किंग का निर्णय लिया है। निगम को मुख्यालय से पार्किंग के लिए मंजूरी मिल गई है। यहां पर मल्टीलेवल पार्किंग में कार और दो पहिया वाहन खड़ा करने की जगह होगी। यहां पर वाहनों के लिए तीन से चार मंजिल की पार्किंग बनेगी। इससे वाहनों को खड़ा करने में जगह भी कम लगेगी। वहीं, भूतल पर दुकानें भी बनाई जाएंगी। निगम ने पार्किंग के लिए परिवहन निगम को एनओसी के लिए पत्र लिखा है। यहां से एनओसी मिलने के बाद पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू होगा। नगर निगम करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग का निर्माण करेगा। विभाग की माने तो एनओसी मिलने में देरी हो रही है। एनओसी मिलते ही तेजी से काम शुरू होगा। निगम में ऑडिटोरियम का निर्माण होगा
नगर निगम कार्यालय में ऑडिटोरियम और मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण होगा। नगर निगम करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य पूरा करेगा। ऑडिटोरियम में ही नगर निगम कार्यालय को शिफ्ट होगा। इसके लिए निगम ने प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय को भेज दिया है। मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। यहां पार्किंग का निर्माण होने से मार्केट के लोगों को भी जाम से राहत मिलेगी। यहां के मुख्य बाजार में शाम में वाहनों का दबाव बढ़ने पर जाम लगता है। लेकिन पार्किंग के निर्माण से लोगों को जाम से निजात मिलेगी। बस अड्डा परिसर में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण होगा। इसके लिए परिवहन विभाग को एनओसी के लिए पत्र लिखा है। विभाग की एनओसी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
डॉ. सुशील कुमार, नगर निगम आयुक्त, अंबाला शहर