करनाल की बेटी सिमरनजीत कौर चहल बनी लेफ्टिनेंट, जिस स्कूल में बिताया बचपन वर्दी पहन पहुंची तो हुआ भव्य स्वागत
लेफ्टिनेंट सिमरनजीत कौर चहल अपनी पुरानी स्कूल एंजल्स पब्लिक स्कूल, बराड़ा में वर्दी पहनकर लौटीं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।

लेफ्टिनेंट सिमरनजीत कौर चहल ने स्कूल लौटकर छात्रों को सफलता का मंत्र दिया।
HighLights
लेफ्टिनेंट सिमरनजीत कौर चहल अपने पुराने स्कूल लौटीं।
एंजल्स पब्लिक स्कूल बराड़ा में उनका भव्य स्वागत हुआ।
उन्होंने छात्रों को मेहनत और अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
संवाद सहयोगी, बराड़ा (अंबाला)। जिस स्कूल के प्रांगण में कभी सिमरनजीत कौर चहल ने अपने सपनों को आकार दिया था, उसी स्कूल में बुधवार को वह लेफ्टिनेंट की वर्दी पहनकर लौटीं तो माहौल गर्व और खुशी से भर उठा।
स्कूल में कदम रखते ही विद्यार्थियों ने भारत माता की जय के जयघोष से उनका स्वागत किया। फूलों की वर्षा के बीच शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अपनी इस पूर्व छात्रा को सम्मान दिया तो सिमरन के चेहरे पर भी सफलता की खुशी साफ दिखाई दी।
एंजल्स पब्लिक स्कूल बराड़ा की पूर्व छात्रा सिमरनजीत कौर चहल का भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि की जानकारी स्कूल पहुंचते ही खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार के साथ अपनी सफलता की खुशी साझा करने के लिए सिमरन विशेष रूप से स्कूल पहुंचीं। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने फूल मालाएं पहनाकर उनका जोरदार अभिनंदन किया।
पढ़ाई के साथ खेलों और गतिविधियों में भी रहीं आगे
स्कूल डायरेक्टर कोमल शर्मा ने कहा कि सिमरन पढ़ाई के साथ खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी हमेशा आगे रही हैं। वह अपने सहपाठियों को भी मेहनत और निरंतर प्रयास के लिए प्रेरित करती थीं। उन्होंने सिमरन के माता-पिता के सहयोग और उनकी परवरिश की भी सराहना की, जिसने बेटी को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
विद्यार्थियों को बताया सफलता का मंत्र
लेफ्टिनेंट की वर्दी में स्कूल पहुंचीं सिमरन ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से बातचीत की और अपने संघर्ष, मेहनत, अनुशासन व समर्पण से जुड़ी बातें साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और अनुशासन जरूरी है। सिमरन ने विद्यार्थियों को मार्निंग असेंबली और को-करीकुलर गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए भी प्रेरित किया।
स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
स्कूल प्रिंसिपल वीणा मेहता और शिक्षकों ने सिमरन का स्वागत किया। स्कूल प्रबंध निदेशक पुष्पेंद्र राणा ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और देशसेवा के जज्बे को बनाए रखते हुए सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करने का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर प्रीति, नेहा, सीमा देसवाल, चीमा सैनी, प्रिया, नीरू, अरुण, सरिता, राजबीर, बलविंदर, पूनम शर्मा, सारिका, कविता, मंजू, गुरवेश, नवजोत, सोनिया, राजिंदर सहित स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
