यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मात्रक के फेरबदल में उलझा सेनेटरी डिपार्टमेंट, सैनिटाइजर खरीद के बिलों में फंसा पेंच
नगर निगम का सेनेटरी डिपार्टमेंट सैनिटाइजर खरीदने के दौरान इसके मात्रकों में हुए बदलाव के चलते हासिल किये गए अतिरिक्त लाभ के पेच में फंसता दिख रहा है।

जागरण संवाददाता, अंबाला : नगर निगम का सेनेटरी डिपार्टमेंट सैनिटाइजर खरीदने के दौरान इसके मात्रकों में हुए बदलाव के चलते हासिल किये गए अतिरिक्त लाभ के पेच में फंसता दिख रहा है। दो ड्रम बिल में अधिक जोड़कर इन्हें 18 से 20 करने का मामला भी प्रकाश में आया है। करीब 20 हजार रुपये का अंतर बिल अतिरिक्त खर्चे में डाला गया है। हाउस मीटिग में चर्चा के दौरान विभाग ने अपना पक्ष रखा है। एजेंडा बिदू संख्या- 28 पर सेनिटेशन विभाग ने रिपोर्ट दी कि कोविड 19 की रोकथाम और बचाव कार्याें को मार्च 2020 में खरीदे गये सैनिटाइजर स्प्रे के लिए सिविल सर्जन अंबाला से संपर्क किया गया तो 7 रुपये 75 पैसे प्रति लीटर के रेट से गुप्ता एंटरप्राइजेज, गुरुग्राम से खरीदने की बात कही गई।
फर्म से विभाग द्वारा 7 रुपये 50 पैसे प्रति लीटर की दर से 10 हजार लीटर सैनिटाइजर स्प्रे खरीदा गया। सभी वार्डों में स्प्रे कराने के बाद अभी करीब 2500 लीटर स्टाक शेष है। अपनी रिपोर्ट में विभाग द्वारा यह भी दावा किया गया कि सिविल सर्जन कार्यालय से 5500 लीटर स्प्रे पहले ही निशुल्क दिया गया था। दोबारा और मांग करने पर विभाग की ओर से गुप्ता एंटरप्राइजेट से संपर्क करने को कहा था। विभाग द्वारा मोल भाव कर 25 पैसे कम पर स्प्रे की खरीद की गई थी।
------------------------ ये है संदेह का कारण
700 रुपये प्रति ड्रम के हिसाब से अंकन 12 हजार 600 रुपये का बिल संख्या 1086 फर्म ने चार्ज किया, जबकि भरे ड्रमों का अलग से बिल अंकन 39 हजार 825 रुपये का बिल संख्या-1089 है। इस बिल अलग से भाड़ा और टैक्स आदि जोड़ कर इसे 59 हजार 973 रुपये का पास करा दिया गया। इसमें 20 हजार 148 रुपये का अंतर दिखाया गया है। नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी से जब इस संबंध में फोन पर संपर्क किया गया तो फोन ही रिसीव नहीं किया गया।
