यात्रियों का इंतजार कर रही रोडवेज बसें
हरियाणा परिवहन निगम ने लॉकडाउन में राहत देते हुए कुछ बसों का संचालन विभिन्न जिलों के लिए किया लेकिन बस चलाई गई तो अब यात्री तक नहीं मिल पा रहे हैं।
संजू कुमार, अंबाला
हरियाणा परिवहन निगम ने लॉकडाउन में राहत देते हुए कुछ बसों का संचालन विभिन्न जिलों के लिए किया, लेकिन बस चलाई गई तो अब यात्री तक नहीं मिल पा रहे हैं। एक बस को चलाने के लिए 30 से 35 यात्री होने चाहिए, लेकिन कुछ जिलों के लिए एक भी यात्री नहीं मिल रहे। कैथल, करनाल, रोहतक, पंचकूला के लिए यात्री नहीं हैं। इन जिलों को जाने वाली बस अंबाला कैंट बस स्टैंड पर सवेरे ही आकर खड़ी हो जाती है। बसों में सवारी ना होने से चालक-परिचालक भी डिपो पर अपनी ड्यूटी पूरा कर चले जाते हैं।
--------------------
लॉकडाउन में एक-एक बस चली
लॉकडाउन के नियमों के साथ परिवहन निगम द्वारा हरियाणा के करनाल, कैथल, रोहतक, पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, दिल्ली आदि के लिए फिलहाल एक-एक बस का संचालन किया गया है। इसमें दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम के लिए यात्रियों की संख्या भी 25 से 30 है। रोजाना एक बस अंबाला छावनी से रवाना होती है, लेकिन बाकी जिलों के लिए बस यात्रियों का इंतजार कर रही है।
--------
सफर के लिए कराना होगा रजिस्ट्रेशन
लॉकडाउन में अगर आप हरियाणा परिवहन निगम की बसों में सफर करने के लिए जा रहे हैं तो पहले वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। उसके बाद ही आपको बस में सीट मिलेगी। कैथल, करनाल, पंचकूला, कालका, हिसार आदि जिलों के लिए यात्री रजिस्ट्रेशन नहीं करा रहे हैं। ऐसे में बस आठ-दस सवारी लेकर नहीं चल पा रही हैं। वर्जन------
यात्रियों की संख्या काफी कम है। कैथल, करनाल, कालका हिसार आदि जिलों के लिए बसों का संचालन शुरू किया गया है, लेकिन यात्री नहीं मिलने से बस स्टैंड पर ही खड़ी है।
-विजेंद्र सिंह, संस्थान प्रबंधक अंबाला छावनी बस स्टैंड।