सांसद निधि कोष से 22.50 करोड़ खर्च कर कांग्रेस को घेर रहे कटारिया
कुलदीप चहल अंबाला अंबाला लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रतनलाल कटारिया अपने पांच सालों में सांसद निधि कोष से खर्च किए गए 22.50 करोड़ के माध्यम से कांग्रेस को घेर रहे हैं।
कुलदीप चहल, अंबाला: अंबाला लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रतनलाल कटारिया अपने पांच सालों में सांसद निधि कोष से खर्च किए गए 22.50 करोड़ के माध्यम से कांग्रेस को घेर रहे हैं। अफसरशाही से अपने 9 विधानसभाओं का डाटा एकत्रित कर कटारिया पिछले पांच साल में हुए विकास कार्यों के आधार पर वोट मांग रहे हैं। शुक्रवार को नामांकन भरने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में कटारिया ने बताया कि हमने तो अपने लोकसभा क्षेत्र में सांसद निधि कोष के फंड से विकास कराया, जबकि कुमारी सैलजा ने दूसरे लोकसभा क्षेत्र में अपने फंड का रुपया लगाया और अंबाला के लिए नाममात्र की राशि ही खर्च की है। इस लोकसभा क्षेत्र में पंचकूला, कालका, अंबाला शहर, अंबाला छावनी, मुलाना, नारायणगढ़, जगाधरी, सढौरा और यमुनानगर विधानसभाएं आती हैं। पन्ना प्रमुखों को जहां साठ-साठ वोटों की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं सांसद निधि कोष से उनके विधानसभा क्षेत्रों में कराए गए कार्यों के बारे में बताने की भी जिम्मेदारी सौंपी है।
-------
704 विकास कार्यों पर खर्च किए 22.95 करोड़
आंकड़ों पर गौर करें, तो अंबाला छावनी विधानसभा में 93.56 लाख, नारायणगढ़ में 281 लाख, अंबाला शहर में 241.45 लाख, मुलाना 525.23 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसी तरह यमुनानगर, जगाधरी व सढौरा में वर्ष 2015-16 में 258.690 लाख, 2016-17 में 116.50 लाख, 2017-18 में 120 लाख और अप्रेल 2018 से जनवरी 2019 तक 14 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। पंचकूला व कालका में 2015-16 में 63.50 लाख, 2016-17 में 143.70 लाख, 2017-18 में 22 लाख और अप्रेल 2018 से जनवरी 2019 तक 71.38 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। इसी राशि का ब्यौरा लेकर कटारिया जनता के बीच जा रहे हैं।