Move to Jagran APP

राफेल सौदा पर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं राहुल गांधी : राजनाथ

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी राफेल सौदा मामले पर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। रक्षा क्षेत्र से जुड़े हर पहलू को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Sun, 30 Sep 2018 10:17 PM (IST)Updated: Sun, 30 Sep 2018 10:53 PM (IST)
राफेल सौदा पर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं राहुल गांधी : राजनाथ
राफेल सौदा पर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं राहुल गांधी : राजनाथ

जेएनएन, शहजादपुर (अंबाला)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी राफेल सौदा मामले पर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। रक्षा क्षेत्र से जुड़े मसलों में देश की सुरक्षा को मद्देनजर हर पहलू को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। उन्‍हाेंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए इजरायल की तर्ज पर इंटिग्रेटिड बॉर्डर सिक्योरिटी सिस्टम लागू किया जा रहा है। देश की 22 हजार किलोमीटर लंबी थल व जल सीमा को तारें लगाकर सुरक्षा प्रदान करना संभव नहीं है, इसलिए नरेंद्र मोदी सरकार ने तकनीकी आधारित सुरक्षा व्यवस्था को अपनाने का निर्णय लिया है।

loksabha election banner

इजरायल की तर्ज पर इंटिग्रेटिड बॉर्डर सिक्योरिटी सिस्टम से देश की सीमाओं की सुरक्षा होगी

राजनाथ सिंह ने शहजादपुर में आयोजित विकास रैली में खाद्यान्न, खेलों और देश की रक्षा में हरियाणा के योगदान की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि तीनों क्षेत्रों में जब भी जरूरत पड़ी हरियाणा ने देश के झंडे को बुलंद किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी राफेल सौदे के हर पहलू को सार्वजनिक करने की गैर व्यवहारिक मांग करके देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र से जुड़े मसलों में

देश की सुरक्षा के मद्देनजर हर पहलू को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। ऐसा वर्तमान सरकार में ही नहीं बल्कि पूर्व की सरकारों में भी होता रहा है।

उन्होंने कहा कि देश के लिए बड़ी चुनौती बन चुके नक्सलवाद को भी केंद्र सरकार ने मजबूती से नियंत्रित किया है और सुरक्षाबलों ने नक्सलवाद की गतिविधियों को नियंत्रित करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने का असफल प्रयास कर रहे हैं लेकिन भाजपा की सोच है कि सच्चाई पर आधारित राजनीतिक पार्टी ही लंबे समय तक राजनीति में बनी रह सकती है।

उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सरकार बनाना नहीं होना चाहिए बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के मुताबिक राजनीति का उद्देश्य देश बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के गरीब लोगों के उत्थान और भारत के विकास की राजनीति को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के सत्ताकाल में मोबाइल बनाने की केवल तीन कारखाने थे और भाजपा सरकार के मात्र चार वर्ष के कार्यकाल में 100 नई फैक्टरियां लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने 60 वर्ष के कार्यकाल में कभी भी किसानों और मजदूरों के हितों की चिंता नही की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया है और उनकी सोच के आधार पर कोई योजना लागू नहीं की है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की गरीबी उन्मूलन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ राष्ट्र, खुले में शौचमुक्त वातावरण जैसी सोच को हकीकत में बदला। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण कि तहत पांच करोड़ महिलाओं को उज्जवल योजना के तहत निशुल्क सिलेंडर दिए गए हैं। बिजली सुविधा से वंचित देश के 18500 गांवों में हर घर तक बिजली पंहुचाना सुनिश्चित किया गया है।

राजनाथ सिंह कहा कि कांग्रेस नरेंद्र मोदी जैसे ईमानदार प्रधानमंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रही है और बिना सोचे-समझे राफेल सौदे पर उंगली उठाकर चुनावी लाभ लेने की फिराक में है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा जनहित में लिए गए फैसलों का जिक्र किया। स्वास्थ्य क्षेत्र में आरंभ की गई आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, किसानों की आय को 2022 तक दोगुना करने, किसानो के लिए यूरिया खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना, किसानों की फसल के मुआवजे के लिए मापदंडों में परिवर्तन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, उज्जवला योजना, जनधन के माध्यम से 32 करोड़ लोगों के बैंक खाते खोलने सहित अन्य निर्णयों की जानकारी दी।

उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा किसानो के हित में लागू की गई भावांतर भरपाई योजना की भी सराहना की और कहा कि इस योजना की समीक्षा के आधार पर केंद्र सरकार भी ऐसा निर्णय लेने पर विचार करेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार देश के किसानों व जवानों के हितों के प्रति पूरी तरह सजग है। केंद्र सरकार ने किसानों की फसलों के मूल्य में डेढ़ गुणा वृद्धि की है वहीं हरियाणा सरकार ने सब्जी उत्पादक किसानों की आर्थिक सुरक्षा के लिए भावांतर भरपाई योजना लागू की है।

उन्‍होंने कहा कि चार वर्ष पहले उन्होंने नारायणगढ़ में ही लोगों से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी को विधायक बनाने की अपील करते हुए इस क्षेत्र में पुन: आने का वचन किया था और उसी वायदे के तहत वे विकास रैली में उपस्थित हुए हैं। उन्होंने श्रम एवं राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा सांसद रत्न लाल कटारिया की जनसेवा की राजनीति की भी सराहना की।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.