'आज रात तक चालू हो बिजली', गलत बकाया बिल भेजने पर अफसरों पर बरसे अनिल विज; वेतन में धांधली पर सख्त एक्शन
अंबाला छावनी में ऊर्जा मंत्री अनिल विज की जनसुनवाई में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उनका गुस्सा दिखा। उन्होंने वेतन, बिजली ...और पढ़ें
-1790337734400_m.webp)
अफसरों को फटकार लगाते मंत्री अनिल विज। फाइल फोटो
HighLights
वेतन न मिलने और बिजली बिलों की समस्याओं पर विज सख्त।
अवैध कब्जों पर बीडीपीओ को फटकार, जांच के आदेश दिए।
जनता की शिकायतों पर अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश।
जागरण संवाददाता, अंबाला। छावनी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में वीरवार को ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज की जनसुनवाई में अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर उनका गुस्सा कई बार सामने आया। एमईएस में ठेकेदार के अधीन काम करने वाले युवाओं ने शिकायत दी कि पहले उन्हें वेतन दिया जाता था, लेकिन ठेकेदार आठ हजार रुपये वापस ले लेता था। अब दो माह से वेतन भी नहीं दिया गया।
विज ने श्रम विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के सख्त निर्देश दिए। रेलवे रोड, अंबाला शहर से आई महिला ने बताया कि उसने हाल ही में मकान खरीदा है, लेकिन बिजली निगम ने उसके नाम 1.17 लाख रुपये का बकाया बिल भेजकर बिजली काट दी। विज ने बिजली अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि “आज रात तक घर की बिजली चालू होनी चाहिए।”
उन्होंने यह भी जांचने के निर्देश दिए कि पुराना बकाया किससे वसूल किया जाना है। राय मार्केट स्थित बिजली केंद्र के कर्मचारी विज के पास पहुंचे और “अनिल विज जिंदाबाद” के नारे लगाए। विज ने कर्मचारियों की बात पूरी होने से पहले ही इस कार्य को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी और अधिकारियों को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए।
तुम क्या कार्रवाई कर रहे थे?
कब्जा हो रहा था तो तुम क्या कार्रवाई कर रहे थे ब्रह्मण माजरा के युवक ने शिकायत दी कि गांव की फिरनी पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। उसने निर्माण से पहले ही बीडीपीओ को शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
विज ने बीडीपीओ को फटकार लगाते हुए पूछा, “गांव में कब्जा हो रहा था तो तुम क्या कार्रवाई कर रहे थे?” उन्होंने कैंट एसडीएम को मामले की जांच कर दोषी मिलने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
डेढ़ लाख के बकाये पर भी उठे सवाल शाहाबाद की महिला ने बताया कि उसने दुकान खरीदी, जिसमें कभी बिजली मीटर लगा ही नहीं था। मीटर लगवाने पहुंची तो विभाग ने संपत्ति पर डेढ़ लाख रुपये का बकाया बताया।
विज ने कुरुक्षेत्र बिजली निगम के एसई को मामले में जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। बालापुर निवासी युवक ने संकरी गली में पोल हटाए जाने के बावजूद मीटर शिफ्ट न किए जाने की शिकायत की। ट्रालियों से मीटर टूटने की बात पर विज ने अंबाला के एसई को फटकार लगाई और तुरंत मीटर शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
नगर परिषद को स्ट्रीट लाइट लगाने के दिए निर्देश
बोह निवासी महिला की मांग पर विज ने नगर परिषद अधिकारियों को अंबाला छावनी विधानसभा के अधीन आने वाले सभी गांवों के गोहर पक्के करने के लिए जल्द एस्टीमेट तैयार करने को कहा। वहीं रामगढ़ माजरा के लोगों ने टांगरी नदी बांध रोड पर रात में बदमाशों द्वारा पत्थर लगाकर लूट के प्रयास की शिकायत की।
महेशनगर थाना प्रभारी को रात्रि गश्त बढ़ाने और नगर परिषद को स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। कलरहेड़ी में फिरनी पर कब्जा, सरसेहड़ी के पार्क में गंदगी, लालकुर्ती में प्रापर्टी टैक्स जमा न होने, ठरवा माजरी में ट्यूबवेल कनेक्शन, हिसार में गलत शपथपत्र देकर मीटर उतरवाने, टुंडला स्कूल को 12वीं तक करने, गली का रास्ता बंद होने और दयालबाग में पड़ोसी द्वारा परेशान करने सहित अन्य शिकायतें भी पहुंचीं।
विज ने संबंधित अधिकारियों को अगले सप्ताह की जनसुनवाई से पहले कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी पहुंचे और विज से शिष्टाचार भेंट की। पंवार दरबार के दौरान करीब पौना घंटा रहे। पंवार ने इस दौरान देखा कि विज कैसे जनता की शिकायतों को सुन रहे हैं और कैसे उनका निदान कर रहे हैं।
