पटाखा गोदामों में पुलिस का छापा, बिना लाइसेंस वाले तीन गोदाम सील
मंडोर गांव में बने दो पटाखा गोदामों में पंजोखरा थाना पुलिस ने रविवार को छापा मारा। पुलिस को यहां तीन गोदाम बिना लाइसेंस के मिले जबकि ण्क में लिमिट से अधिक माल बरामद हुआ है।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : मंडोर गांव में बने दो पटाखा गोदामों में पंजोखरा थाना पुलिस ने रविवार को छापा मारा। पुलिस को यहां तीन गोदाम बिना लाइसेंस के मिले जबकि ण्क में लिमिट से अधिक माल बरामद हुआ है। पुलिस ने गोदाम को सील कर यहां पहरा बैठा दिया है। अब फरीदाबाद से टीम आएगी जो जांच करेगी। उधर, नारायणगढ़ की दुर्गानगर कॉलोनी एरिया में भी पुलिस को बिना लाइसेंस के घर में बना गोदाम मिला है। पुलिस ने इसे भी सील कर दिया।
सूत्रों के अनुसार पंजोखरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी मंडोर गांव में पटाखे के कई गोदाम हैं। इसके बाद टीम वहां पहुंची। यहां आठ गोदाम ऐसे मिले जिनके दो पार्टनर हैं। इनमें एक सेक्टर-7 और दूसरा इंद्रनगर में रहते हैं। जांच में पता चला इनके पास पांच गोदामों का लाइसेंस था जबकि अन्य तीन गोदामों का लाइसेंस नहीं मिला। ऐसे में पुलिस ने इन्हें सील कर दिया है। जबकि गांव में ही एक और गोदाम मिला जो दाल बाजार में रहने वाले व्यक्ति का है। इस गोदाम में लिमिट से अधिक माल स्टोर किया हुआ मिला है। पुलिस ने गोदाम मालिकों से बरामद हुए माल का रिकॉर्ड ले लिया है। इसे फरीदाबाद पटाखों का लाइसेंस देने वाले विभाग के पास भेजा जाएगा।
इसी तरह नारायणगढ़ की दुर्गा नगर कॉलोनी में पुलिस को एक गोदाम बिना लाइसेंस के मिला। यह गोदाम एक घर में चल रहा था जबकि व्यक्ति को केवल दुकान में सामान रखकर बेचने की अनुमति थी। इसे भी सील कर दिया गया है।
-----
वर्जन
मामले में जांच चल रही है। केवल लिमिट से अधिक माल को गोदाम में रखा हुआ था। रिकॉर्ड को नोट कर लिया गया है।
-मोहन लाल, एसएचओ, पंजोखरा थाना।