जग्गी गार्डन में बदहाल सड़कें लोगों के लिए बनी मुसीबत
जग्गी गार्डन में क्षतिग्रस्त सड़कों से लोग परेशान हैं। यहां पर सोडियम लाइटें नहीं होने से रात में अंधेरा भी रहता है।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर
जग्गी गार्डन में क्षतिग्रस्त सड़कों से लोग परेशान हैं। यहां पर सोडियम लाइटें नहीं होने से रात में अंधेरा भी रहता है। शुक्रवार को लोगों ने नगर निगम में लिखित में शिकायत की। साथ ही टूटी सड़कों के निर्माण की मांग की। उनका कहना था कि बारिश में सड़कों पर कीचड़ होने से वाहन चालक चोटिल भी हो जाते हैं। इसके बावजूद सड़क का निर्माण नहीं किया है।
शहर की जग्गी गार्डन फेस-2 को बसे काफी समय हो चुका है। यहां पर आज तक लोग मूलभूत सुविधा के लिए तरस रहे हैं। कॉलोनी की मुख्य सड़कों पर सोडियम एवं एलईडी लाइटें तक नहीं है। ऐसे में रात में अंधेरा होने पर वाहन चालकों को परेशानी होती है। वहीं नगर निगम ने सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। बारिश में सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है।
शुक्रवार को नगर निगम में लोग शिकायत लेकर पहुंचे। इस दौरान अमरेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि जग्गी गार्डन के लोग हाउस टैक्स भी जमा करते हैं। इसके बावजूद सड़कों का निर्माण नहीं किया है। वहीं सड़कों पर लाइटें नहीं होने से अंधेरा रहता है। ऐसे में रात में लोगों से झपटमारी होने का खतरा भी बना है।
वहीं राकेश कुमार ने बताया कि नगर निगम ने एक साल पहले सीवर सीवर लाइन बिछाई थी। इसमें सड़कों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके बाद सड़कों का निर्माण नहीं किया गया है। समस्या है तो उसे नियम अनुसार दूर किया जाएगा। जनसुविधाओं को आमजन तक पहुंचाने में नगर निगम पूरी तरह से सजग है।
- पार्थ गुप्ता, आयुक्त, नगर निगम