खिड़की से झांकते 15 फुट नीचे सड़क पर गिरा डेढ़ साल का बच्चा
जागरण संवाददाता, अंबाला : छावनी के लालकुर्ती में किराए के मकान में पहले फ्लोर पर खिड़की
जागरण संवाददाता, अंबाला : छावनी के लालकुर्ती में किराए के मकान में पहले फ्लोर पर खिड़की से नीचे झांकते हुए डेढ़ साल का बच्चा नीचे सड़क पर आ गिरा। जब आसपास के लोगों ने बच्चे को सड़क पर गिरा देखा तो उसे तुरंत छावनी के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। बच्चे का एक्स-रे करवाया गया तो पता चला कि उसके मुंह में अंदर की तरफ चोट आई है और सारे दांत हिल गए है। हालांकि डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को यहीं दाखिल कर लिया और दर्द के कारण बच्चे का रो-रोकर काफी बुरा हाल हो रहा था।
लालकुर्ती निवासी व कैपिटल चौकी पर मोटरसाइकिल ठीक करने वाले व्यक्ति ने किराए पर मकान लिया हुआ है। उसके पास डेढ़ साल का बेटा है और पत्नी गर्भवती है। बच्चे की मां ने उसे अपने पड़ोसियों के घर खेलने के लिए छोड़ा हुआ था। पहले फ्लोर पर खिड़की के नजदीक ही बेड लगा हुआ है और बच्चा उसी पर खेल रहा था। अचानक बच्चा खिड़की से नीचे सड़क पर जा गिरा जिससे उसे उसकी चीखे निकल गई। बच्चे का मुंह सड़क पर लगने के कारण खून बहने लगा। लोगों ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया और परिजन भी कुछ देर बाद वहीं पहुंच गए। दर्द से कराहते बच्चे की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। काफी देर मशक्कत करने के बाद कर्मी ने उसका एक्स-रे करवाया और उसके बाद डॉक्टर ने बच्चे का इलाज शुरू किया।