दूसरे सोमवार को मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, पूजा अर्चना कर मांगी मन्नतें
सावन मास में दूसरे सोमवार पर शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्त उमड़े। हर-हर महादेव व बम-बम भोले के जयकारों से शिवालय गूंज उठे।
जागरण संवाददाता, अंबाला: सावन मास में दूसरे सोमवार पर शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्त उमड़े। हर-हर महादेव व बम-बम भोले के जयकारों से शिवालय गूंज उठे। विधिवत पूजन सामग्री के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। छावनी के हाथी खाना मंदिर में भक्तों ने कतारों में लग भोले के दर्शन किए। महिलाएं, पुरुष व बच्चों में जलाभिषेक के लिए गजब का उत्साह रहा। मंदिर को फूलों से सजाया गया है। भक्तों ने बेलपत्र, अक्षत, फूल, दूध, घी, दही, शहद समेत अन्य पूजन सामग्री के साथ पूजन अर्चना कर जलाभिषेक किया। पंडित दिनेश चंद ने बताया कि सावन मास में भगवान शिव की विशेष कृपा बरसती है। भोले बाबा के भक्तों का रूख ऐतिहासिक मंदिरों की तरफ ज्यादा रहा। छावनी के प्राचीन हाथी खाना मंदिर के अलावा सैन्य क्षेत्र स्थित रानी तालाब मंदिर, पटेल पार्क स्थित शिव मंदिर, सुभाष पार्क के सामने पंचमुखी शिव मंदिर, श्री शिव मंदिर इंडस्ट्रीयल एरिया, श्री शिव मंदिर खटीक मंडी और अंबाला शहर में सेक्टर-7 स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर, सेक्टर-10, जगाधरी गेट व बलदेव नगर स्थित शिव मंदिरों में भक्त उमड़े। जिन भक्तों ने सावन माह के व्रत रखे हुए थे वह पैदल ही अपनी नजदीकी मंदिरों में पहुंचे। वहीं, भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिरों में श्रद्धालुओं व कमेटी द्वारा खीर आदि के प्रसाद बांटे गए। मंदिरों में पूजा अर्चना का यह सिलसिला देररात तक चला। दोपहर के समय मंदिरों की कीर्तन मंडली शिव भजनों का गुणगान कर भजनों का जमकर झूमे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप