नहीं रहे गरीबों के फ्री केस लड़ने वाले ओमप्रकाश मलिक
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ओम प्रकाश मलिक (86) का लंबी बीमारी के बाद 3 जून को दिल्ली छावनी में निधन हो गया।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ओम प्रकाश मलिक (86) का लंबी बीमारी के बाद 3 जून को दिल्ली छावनी में निधन हो गया। वे एचपीसीसी के पूर्व संगठन सचिव और कांग्रेस (ओ) के संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। कांग्रेस के अलावा वह कई स्वैच्छिक और सामाजिक संगठनों के साथ जुड़े थे। चंडीगढ़ और हिदी भाषी क्षेत्रों को हरियाणा में शामिल करवाने का उन्होंने समर्थन किया था।
उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए, पंजाब और हरियाणा बार काउंसिल की पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता किरण बाला जैन ने कहा कि पार्टी को एक बड़ा नुकसान हुआ है। वह एक सच्चे गांधीवादी नेता थे। वह गरीबों के वकील थे। उन्होंने सैकड़ों गरीबों के मुकदमे बिना फीस के लड़े। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष और अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन रोहित जैन ने कहा कि मलिक के निधन से जिला बार एसोसिएशन को बहुत नुकसान हुआ है।