बसों का संचालन होते ही बढ़ने लगी यात्रियों की संख्या
हरियाणा रोडवेज अब सभी रूटों पर बसों का संचालन शुरू करने जा रहा है। क्योंकि यात्रियों की डिमांड भी बढ़ती जा रही है। यूपी पंजाब हिमाचल उत्तराखंड रूटों पर बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है।
जागरण संवाददाता, अंबाला: हरियाणा रोडवेज अब सभी रूटों पर बसों का संचालन शुरू करने जा रहा है। क्योंकि यात्रियों की डिमांड भी बढ़ती जा रही है। यूपी, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड रूटों पर बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है। अब दिल्ली रूट पर भी बसों को जल्द चलाने की तैयारी की जा रही है। क्योंकि दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर फिलहाल बंद है। बॉर्डर के खुलते ही बसों का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा। अंबाला छावनी बस स्टैंड पर रोजाना करीब दो हजार यात्री बसों में सफर कर रहे है। यात्रियों की संख्या बढ़ने से रोडवेज का राजस्व भी बढ़ा है। जो पहले चार लाख थी अब बढ़कर साढे नौ लाख हो गई है। अन्य रूटों पर बसों का संचालन होने से यात्रियों को सुविधा तो मिलेगी ही। साथ ही परिवहन की आय में बढ़ोत्तरी भी होगी। -------------
बस स्टैंड पर बढ़ने लगी चहल-पहल
कोविड-19 के चलते बस स्टैंड पर सन्नाटा पसरा रहता था। लेकिन इन दिनों विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन होने से बस स्टैंड पर रौनक भी बढ़ने लगी है। बसों में यात्री अधिक होने लगे है। पहले बसें यात्री ना होने के कारण घंटों खड़ी रहती थी। लेकिन अब बस आते ही भरने लगती है। यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों को भी बढ़ाया जाएगा। त्यौहारों पर अतिरिक्त बस भी चलाने की तैयारी की जा रही है।
इस संबंध में अंबाला छावनी बस स्टैंड के एसएस विजेंद्र चौहान ने बताया कि पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, यूपी आदि के लिए बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। लेकिन बॉर्डर खुलते ही दिल्ली के लिए भी बसों का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। यात्रियों की संख्या भी अब बढ़ने लगी है।