विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबाला: नहौनी-बधौली मार्ग की बदलेगी सूरत, 5.21 करोड़ से होगा कायाकल्प

Published: Wed, 14 Oct 2026 10:49 PM (IST)

नहौनी से बधौली को जोड़ने वाले 9 किलोमीटर लंबे मार्ग की मरम्मत पर 5.21 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे ग्रामीणों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी।

नहौनी-बधौली मार्ग की बदलेगी सूरत।

नहौनी-बधौली मार्ग की बदलेगी सूरत।

HighLights

  1. नहौनी-बधौली मार्ग की 5.21 करोड़ रुपये से होगी मरम्मत।

  2. 9 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य।

  3. जर्जर सड़क से ग्रामीणों और वाहन चालकों को मिलेगी राहत।

संवाद सहयोगी, मुलाना। नहौनी से बधौली को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की जर्जर हालत से परेशान ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। नेशनल हाईवे 344 से नहौनी मोड़ होते हुए बधौली तक करीब नौ किलोमीटर लंबे इस मार्ग की मरम्मत पर 5 करोड़ 21 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके लिए टेंडर हो चुका है और जल्द ही काम शुरू होने की संभावना है। सड़क की मरम्मत होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। इससे गोला गोली, नहौनी, टमनौली, बधौली सहित दर्जनों गांवों को लाभ होगा।

गौरतलब है कि इस मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं। सड़क के दोनों ओर बनी बरम भी कई स्थानों से टूट चुकी है। ऐसे में वाहन चालकों को इस मार्ग से गुजरते समय परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।

स्थानीय निवासी राहुल, सचिन, रोहन, दिनेश और गौरव ने बताया कि यह मार्ग नारायणगढ़ जाने के लिए एक प्रमुख शार्टकट है। इसके चलते प्रतिदिन सैकड़ों वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। कई गांवों को जोड़ने के साथ-साथ सरकारी अस्पताल तक पहुंचने के लिए भी यह मार्ग महत्वपूर्ण है। सड़क की खराब हालत के कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

बरसात में क्षतिग्रस्त हुई थी सड़क

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2025 में हुई भारी बरसात के दौरान बरसाती पानी सड़क के ऊपर से बहा था, जिससे कई स्थानों पर सड़क टूट गई और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। इसके बाद स्थायी मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग के समक्ष समस्या उठाई और सड़क की मरम्मत की मांग की। अब 5.21 करोड़ रुपये की लागत से सड़क की दो लेयर डालकर बनाने की योजना से ग्रामीणों को राहत की उम्मीद जगी है।

नेशनल हाईवे के पास नहौनी मोड़ से शुरू होकर बधौली तक रोड का टेंडर हो गया है। जल्द ही यहां निर्माण कार्य शुरू होगा। - जगदीप सिंह जेई पीडब्लूडी साहा।