झिलमिल धर्मशाला में छिपा था मोती, मॉरिशस भागने की फिराक में था
सेक्टर सात में रहनी वाली और श्रम विभाग में क्लर्क पद पर कार्यरत कविता अनेजा पर तेजाब फेंकने के मुख्य आरोपी मोती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 15 दिन की जद्दोजहद के बाद एसआइटी ने मोती को नीलकंठ से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे स्थित झिलमिल धर्मशाला से धर दबोचा।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : सेक्टर सात में रहनी वाली और श्रम विभाग में क्लर्क पद पर कार्यरत कविता अनेजा पर तेजाब फेंकने के मुख्य आरोपी मोती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 15 दिन की जद्दोजहद के बाद एसआइटी ने मोती को नीलकंठ से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे स्थित झिलमिल धर्मशाला से धर दबोचा। यहां तक पहुंचने के लिए पुलिस को पैदल सफर तक करना पड़ा, क्योंकि नीलकंठ से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे यह धर्मशाला पड़ती है और यहां कोई वाहन नहीं जा सकता। आरोपित मोती को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे चार दिन के लिए रिमांड पर भेज दिया गया। मोती ने मॉरिशस भागने की तैयारी में था, लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो सका।
दरअसल मोती ने नेपाल के जरिये मॉरिशस भागने की साजिश रची थी, लेकिन फ्लाइट पकड़ने के लिए मोती को भारत से नो आब्जेक्शन सर्टिफिकेट लेना जरूरी थी। एनओसी न मिलने के कारण वह नेपाल से आगे नहीं भाग पाया। तेजाब डालने से पहले वह जापान और हांगकांग घूम चुका है। यहां से वह विभिन्न प्रकार का सामान लाकर व्यापार किया करता था। अब वह मोबाइल बेचने का काम कर रहा था। मोती ने हांसी में रहने वाले प्रदीप से तेजाब लिया था। अब पुलिस उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी।
आरोपित बोला-कविता से हो चुकी है कोर्ट मैरिज
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कविता के साथ पढ़ता था। पढ़ते-पढ़ते उससे प्यार हो गया। वह कविता की बुआ की ननद का बेटा है। मोती बीए पास था, जबकि कविता ने एमएससी की थी। मोती की शादी हो गई थी, लेकिन वह कविता के प्यार में इतना दीवाना था कि शादी के बावजूद उसे पाना चाहता था। इसीलिए शादी का प्रस्ताव लेकर उसके घर भी गया। मोती का कहना है कि कविता ने उसके साथ कोर्ट मैरिज भी की, लेकिन पुलिस के पास इसके कोई पुख्ता सबूत नहीं है। करीब तीन साल पहले कविता फिर से उसके संपर्क में आई थी, लेकिन कविता की तब शादी हो गई थी।
पति ने दूर रहने की कही थी बात, इसी से बौखला गया था मोती
मोती ने बताया कि कविता के पति ने उसे फोन कर कहा था कि कविता सिर्फ उसकी है। उनकी शादी हो चुकी है, इसीलिए वह कविता से दूर रहे और उसे भूल जाए। इसीलिए वह कविता और उसके पति से रंजिश रखने लगा था। एक साल पहले कविता को कहा था कि यदि वह उसकी नहीं हो सकी तो वह उसे किसी की नहीं होने देगा। तभी तेजाब फेंकने की धमकी भी दी थी।
आरोपित को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। उसका कहना है कि उसने कविता से कोर्ट मैरिज भी की थी, लेकिन पुलिस को उसने अभी तक ऐसा कोई दस्तावेज नहीं दिखाया है। इसीलिए इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती। फिर भी हम इस बात की जांच भी कर रहे हैं। जिसने तेजाब दिया, उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
अशोक कुमार, एसपी अंबाला।