अंबाला में गुजरात के कारोबारी के कर्मचारी से लूटे 72.35 लाख , हमला कर घायल भी किया
हरियाणा केे अंबाला में कुछ बदमाशों ने गुजरात केे कारोबारी के कर्मचारी से 72.35 लाख रुपये लूट लिये। लुटेरे ने कर्मचारी पर हमला कर उसे घायल भी कर दिया।
अंबाला, जेएनएन। गुजरात के अहमदाबाद के एक कारोबारी के कर्मचारी से तीन बदमाशों ने 72.35 लाख रुपये लूट लिए।लूट को विरोध बदमाशों ने कर्मचारी पर हमला कर दिया और उसे मारपीट भी की। लूट के बाद ये बदमाश यमुनानगर की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू की।
वारदात गुजरात के अहमदाबाद के कारोबारी कमलेश शाह के कर्मचारी विनोद पटेल के साथ हुई है। कमलेश शाह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एसके प्रोपराइटर का मालिक है। उसकी फर्म सूक्षम और उद्यम मंत्रालय से मान्यता प्राप्त है तथा केंद्रीय भंडार (सेंट्रल स्टोर) से पंजीकृत है। उसकी कंपनी का कार्यालय अहमदाबाद के घाटलोडिया में है और कंपनी की देश भर में 46 शाखाएं है। उन्होंने वित्त वर्ष 2019-20 में एक सौ दो करोड़ रुपये का कारोबार किया। उसकी कंपनी खेती बाड़ी से संबंधित सामान की खरीद फरोख्त करती है।
कमलेश शाह ने पुलिस को बताया कि उसकी कंपनी का कर्मचारी विनोद पटेल मौजूदा समय में अंबाला शहर के सेक्टर- 1 शहर में रह रहा है। वह मूल रूप से गुजरात के महसाना जिले क गांव आखज का रहनेवाला है। विनोद ने अपने मैनेजर मनीष बताया कि वह सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने घर सेक्टर एक अंबाला शहर से बैग में 72.35 लाख रुपये लेकर एक्टिवा पर निकला था। जंडली पुल से जग्गी सिटी सेंटर के पास से मिलिट्री एरिया गोलचक्कर से होते हुए जगाधरी रोड पर गांव खुड्डा वाले पुल पर चढ़ा। पुल अभी खत्म ही हुआ था कि बाइक सवार तीन लोग उनका पीछा करने लगे।
विनोद ने बताया कि इन युवकों ने बाइक को उसकी एक्टिवा के आगे लगा दी। जिस पर उसने एक्टिवा रोक ली। इनमें से एक युवक बाइक से उतरकर उसकी एक्टिवा पर बैठ गया और पिस्टल विनोद पटेल की पीठ पर पिस्टल लगाकर आगे चलने को कहा। विनोद ने एक्टिवा मोड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश ने उसके हेल्मेट पर पिस्टल का बट मारा, जिससे हेल्मेट टूट गया। मामला गंभीर देख उसने रुपयों से भरा बैग पुल के नीचे बने रास्ते से नीचे फेंक दिया।
विनोद ने बताया उसके बाद दो लड़के बाइक पर आगे चल रहे थे। बदमाश ने उसका बैग पुल के नीचे फैंक दिया। दो बाइक सवार जो आगे चल रहे थे पुल के नीचे चले गए। इसह बीच भाग कर विनोद भी बैग उठाने पहुंच गया। बदमाशों ने दोबारा पिस्टल का बट उसके सिर पर मारा। इसके बाद बदमाश 72.35 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर यमुनानगर की ओर फरार हो गए। इसके बाद उसने फोन पर मनीष कुमार ने इसकी सूचना दी। विनोद को उनके कर्मचारी यतिन ने अंबाला शहर के एमएम अस्पताल अंबाला शहर में दाखिल कराया है। महेश नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।