पदक विजेता खिलाड़ी गृह मंत्री विज से मिले
गृह शहरी स्थानीय निकाय एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि खेलों की संस्कृति हमें विरासत में मिली है।
जागरण संवाददाता, अंबाला : गृह, शहरी स्थानीय निकाय एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि खेलों की संस्कृति हमें विरासत में मिली है। खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रेरक अध्यायों का सूत्रपात किया है।
राष्ट्रीय स्तर की स्कूल खेल प्रतियोगिता में वुशू खेल में 36 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर पदक जीतने वाले प्रयाग और 52 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर पदक जीतने वाले लक्ष्य शर्मा बुधवार को विज से मिले। विज ने कहा कि खेल के क्षेत्र में इनका प्रदर्शन बेहतर रहा है और सरकार की नीतियों के चलते ये भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे, ऐसी आशा व्यक्त की जाती है। इसी खेल प्रतियोगिता में ध्रुव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रयाग के पिता नरवीर सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कोच रविन्द्र खत्री के मार्गदर्शन में हैदराबाद में आयोजित हुई राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में वुशू खेल में सम्बन्धित किलोग्राम वर्ग में बच्चों ने अच्छा प्रदर्शन किया है।