अंबाला में फुटपाथ पर आग से झुलसकर व्यक्ति की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
अंबाला छावनी में नागरिक अस्पताल के सामने फुटपाथ पर आग लगने से 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। माना ...और पढ़ें
-1792238613898_m.webp)
आग से झुलसकर व्यक्ति की मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
अंबाला छावनी में फुटपाथ पर आग से व्यक्ति की मौत।
ठंड से बचने के लिए जलाई आग कपड़ों तक फैली।
मृतक की पहचान नहीं हो सकी, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, अंबाला। अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल के सामने शनिवार सुबह करीब चार बजे आग से झुलसकर 52 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। आशंका है कि रात में ठंड से बचने के लिए उसने फुटपाथ पर आग जलाई थी। आग कपड़ों तक पहुंच गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अंबाला छावनी की रेजिमेंट पुलिस चौकी ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह जगाधरी रोड पर नागरिक अस्पताल चौक के पास अधेड़ फुटपाथ पर सोया हुआ था। अचानक उसके कपड़ों में आग लग गई। उसने शोर मचाया, लेकिन लोगों के मौके पर पहुंचने तक वह करीब 80 फीसदी तक जल चुका था और उसकी मौत हो गई थी। अस्पताल चौक पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना रेजिमेंट चौकी पुलिस को दी।
चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और जांच शुरू की। चौकी इंचार्ज सुखबीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल पर बीड़ी का बंडल, माचिस और जला हुआ कूड़ा मिला है। आशंका है कि व्यक्ति फुटपाथ पर सोया था और ठंड से बचने के लिए उसने रात में कूड़ा जलाया होगा। आग उसके कपड़ों तक पहुंचने से यह हादसा हुआ।
आग से बचने के लिए उतारे थे कपड़े
मृतक के शरीर पर कपड़े नहीं थे। उसके जले हुए कपड़े फुटपाथ पर मिले हैं। माना जा रहा है कि आग से बचने के लिए उसने कपड़े उतार दिए थे।
