अंबाला में नग्गल थाना प्रभारी सुरेश कुमार पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पीजीआई रेफर
नग्गल थाना प्रभारी सुरेश कुमार पर अंबाला में जानलेवा हमला हुआ जब वे एक झगड़े में बीच-बचाव कर रहे थे। ...और पढ़ें
-1790969020725_m.webp)
नग्गल थाना प्रभारी पर चाकू से हमला, पीजीआई रेफर।
HighLights
नग्गल थाना प्रभारी सुरेश कुमार पर हुआ जानलेवा हमला
एक झगड़े में बीच-बचाव करते समय हुए घायल
गंभीर चोटों के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। शुक्रवार रात करीब ग्यारह बजे नग्गल थाना प्रभारी एसएचओ सुरेश कुमार पर कुछ युवकों ने उस समय जानलेवा हमला कर दिया जब वे अपने थाने से कमरे पर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार गांव मेटहेड़ी में मिस्टर सिंह रेस्टोरेंट के पास कुछ युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे।
थाना प्रभारी ने अपनी निजी कार बीच में ही रोकी और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। जिससे गुस्साए चार पांच बदमाशों ने युवक को छोड़कर उन्हें ही अपना निशाना बना लिया।
हमलावरों ने थाना प्रभारी पर चाकू और अन्य हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। इस घटना में उनकी गर्दन पर पांच टांके आए हैं जबकि कलाई और अंगूठे पर भी गंभीर चोटें लगी हैं।
आरोपितों ने उनके सिर पर भी वार किया जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उन्हें तुरंत अंबाला शहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है और हमलावरों की धरपकड़ के लिए विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस किसी भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी लेकिन अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी हेडक्वार्टर विजय कुमार, पूर्व मंत्री असीम गोयल और भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप सिंह राणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल थाना प्रभारी सुरेश कुमार का हाल-चाल भी पूछा और डॉक्टर से बातचीत भी की।
हम अभी पूरे मामले की तफ्तीश कर रहे हैं। हमें अपने थाना प्रभारी पर गर्व है जिन्होंने किसी दूसरे की जान बचाने के लिए अपनी जान दाव पर लगा दी। उन्हें चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - विजय कुमार डीएसपी।
