करवा चौथ पर सजा बाजार, महिलाओं में चूड़ियों का क्रेज; जेली से लेकर कश्मीरी बैंगल्स तक की धूम
करवा चौथ के अवसर पर अंबाला के बाजारों में सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जो चूड़ियों की खरीदारी में व्यस्त हैं।

HighLights
करवा चौथ पर अंबाला के बाजारों में चूड़ियों की बहार।
जेली और कश्मीरी बैंगल्स महिलाओं की पहली पसंद बने।
पारंपरिक चूड़े और नए डिजाइनों की भी जबरदस्त मांग।
जागरण संवाददाता, अंबाला। करवा चौथ को लेकर बाजारों में सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। इस पावन अवसर पर महिलाओं के सोलह श्रृंगार में चार चांद लगाने के लिए बाजारों में तरह-तरह की डिजाइनर और चमकदार चूड़ियां व कंगन आ चुके हैं, जिन्हें लेकर महिलाओं में जबरदस्त उत्साह और क्रेज देखने को मिल रहा है। पारंपरिक से लेकर आधुनिक डिजाइनों तक, हर वैरायटी महिलाओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
चमकदार जेली बैंगल्स और कश्मीरी बैंगल्स की बहार
बाजार में इस बार जेली बैंगल्स महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं। यह बेहद चमकदार और हाथ में पहनने पर बेहद खूबसूरत दिखाई देती हैं। इन बैंगल्स की खास बात यह है कि ये हर आउटफिट के साथ मैचिंग कलर में आसानी से मिल जाती हैं।
इनकी कीमत की बात करें तो यह 25 रुपये से लेकर 100 रुपये प्रति दर्जन तक के किफायती दामों पर बाजार में बिक रही हैं।इसके अलावा, कश्मीरी बैंगल्स भी खासी डिमांड में हैं।
इनमें कई आकर्षक रंगों के साथ-साथ सजे हुए घुंगरू इनकी खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं। कश्मीरी बैंगल्स के दाम 50 रुपये से 100 रुपये तक चल रहे हैं। वहीं, पारदर्शी लुक वाली पानी कलर बैंगल्स की चमक भी बाजारों में अलग ही रौनक बिखेर रही हैं, जिसे महिलाएं खूब पसंद कर रही हैं।
शादी के चूड़े और नए ट्रेंड्स का जलवा
करवा चौथ के इस पावन पर्व पर केवल सुहागिनें ही नहीं, बल्कि नव-विवाहित महिलाएं भी बढ़-चढ़कर खरीदारी कर रही हैं। बाजारों में पारंपरिक शादी वाले चूड़े और उसके साथ मैच करते डिजाइनर कड़ों की भी जबरदस्त मांग बनी हुई है।
अंबाला शहर के मास्टर बैंगल्स के अनिल कुमार ने बताया कि इस त्योहारी सीजन में हर वर्ग की महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए लेटेस्ट वैरायटी मंगाई गई है, जिससे बाजारों में सुबह से शाम तक खरीदारों की चहल-पहल बनी हुई है।
