अजय चौटाला के जन्मदिन पर इसराना रैली का दिया न्योता
जननायक जनता पार्टी के युवा संगठन की ओर से 13 मार्च को जेजेपी संरक्षक डॉ.अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर पानीपत के इसराना में राज्य स्तरीय रैली आयोजित की जा रही है।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर
जननायक जनता पार्टी के युवा संगठन की ओर से 13 मार्च को जेजेपी संरक्षक डॉ.अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर पानीपत के इसराना में राज्य स्तरीय रैली आयोजित की जा रही है। इसका निमंत्रण देने के लिए जेजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह शहर के सेक्टर स्थित ताऊ देवी लाल भवन पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि डॉ.अजय सिंह चौटाला के जन्मदिवस पर आयोजित रैली ऐतिहासिक होगी। महारैली को लेकर प्रदेशभर में पार्टी के शीर्ष नेताओं द्वारा न्योता दिया जा चुका है। उन्होंने प्रत्येक हलके से दो हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को रैली में पहुंचने का आह्वान किया।
जेजेपी जननायक चौ.देवीलाल की नीतियों पर चलते हुए आगे बढ़ने वाली पार्टी है। बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार निरंतर जनहित में कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है। जिला प्रधान सुरजीत सौंडा और जिला शहरी प्रधान हरपाल कंबोज ने कहा कि रैली में जिले से ज्यादा से ज्यादा लोग बढ़ चढ़कर उत्साह के साथ रैली में भाग लेंगे। मौके पर राम सिंह कोडवा, दलबीर पुनिया, रविद्र डेजी, एमएस ढिल्लों, हरबंस जलबेडा, सर्वजीत कौर, अमरिदर सौंटा, सुखविद्र जलबेहड़ा मौजूद रहे।
नुकसान का होगा भुगतान
जजपा प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने कहा कि सरकार ऐलान कर चुकी है कि जो ओलावृष्टि हुई और उससे कितना नुकसान हुआ है। उसकी जल्द गिरदावरी करवाई जाएगी। इसके बाद मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो जजपा ने वादे किये थे, उन्हें पूरा करने के प्रयास किए हैं। एचटेट की परीक्षा देने के लिए युवाओं को प्रदेश के दूसरे छोर में जाना पड़ता था, उसे बदल दिया है।