टूरिज्म कर्मी गरजे, बोले- गेहूं खरीदने के लिए ब्याज रहित मिले कर्ज
जागरण संवाददाता अंबाला शहर किगफिशर पर हरियाणा टूरिज्म कर्मचारी संघ के बैनर तले पर्यटन निगम कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता राज्य प्रधान मित्रपाल राणा ने की।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : किगफिशर पर हरियाणा टूरिज्म कर्मचारी संघ के बैनर तले पर्यटन निगम कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता राज्य प्रधान मित्रपाल राणा ने की। उन्होंने कहा कि उन्हें गेहूं खरीदने के लिए ब्याज रहित कर्ज, सातवें वेतन आयोग के 27 महीने का एरियर मिलना चाहिए। प्रदर्शन करने वाले कर्मियों ने हरियाणा टूरिज्म कर्मचारी संघ के प्रदेश उपप्रधान सुरेश गुढा, प्रेस सचिव ज्ञान चन्द घई, सचिव जयलाल जगता ने सम्बोधित किया। यूनिट प्रधान राजपाल वर्मा की ओर से संचालित प्रदर्शन में पिपली, कुरुक्षेत्र, किगफिशर, यमुनानगर, पंचकूला, पिजौर के कर्मचारियों ने भागेदारी रही। हरियाणा संघ के नेताओं ने बताया कि सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों के कर्मचारियों को सरकार के परिपत्र अनुसार 18 हजार रुपये ब्याज रहित कर्ज गेहूं खरीदने के दे दिये। पर्यटन निगम में 29 जून को राजहंस में प्रदर्शन करने पर दे दिया, लेकिन किगफिशर अंबाला, दमदमा, सुलतानपुर, धारुहेड़ा, रेवाड़ी के कर्मचारियों को अभी तक यह राशि नहीं दी गई। मुख्यमंत्री के आश्वासन पर भी 27 महीने का सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का 65 प्रतिशत एरियर का भुगतान नहीं किया गया है। चेयरमैन सुरेश नोहरा व राज्य वरिष्ठ उपप्रधान राजवीर गिरी ने बताया कि फरवरी में क्राफ्ट मेले में निगम के प्रबंध निदेशक ने भुगतान का आश्वासन दिया था। राज्य प्रधान राणा ने आरोप लगाया कि निगम प्रबंधक क्राफ्ट मेले जैसे आयोजनों में अफसर शाही को खुश करने के लिए खर्चा किया जा रहा है। पिजौर में 6-7 जुलाई को आम मेला लगाकर लाखों खर्च कर किये। अगर शीघ्र एरियर और ऋण का भुगतान व पर्यटन प्रशासन के इस भेदभाव पूर्ण प्रस्ताव को वापस नहीं किया तो आन्दोलन को तेज किया जाएगा।