अंबाला के पार्क हीलिंग टच अस्पताल पहुंची आयकर विभाग की टीम, 15 घंटे तक चली जांच; कब्जे में लिए मोबाइल और दस्तावेज
आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेटिंग शाखा ने अंबाला के पार्क हीलिंग टच अस्पताल और संबंधित संस्थानों का सर्वे किया। इस कार्रवाई ...और पढ़ें
-1791830919874_m.webp)
पार्क हीलिंग टच अस्पताल। फोटो जागरण
HighLights
पार्क हीलिंग टच अस्पताल में आयकर विभाग का सर्वे।
अस्पताल के रिकॉर्ड, कंप्यूटर, मोबाइल फोन जब्त किए गए।
मरीजों को कोई असुविधा नहीं हुई, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, अंबाला। आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेटिंग शाखा ने सोमवार सुबह पार्क ग्रुप के अस्पतालों, उनसे जुड़े संस्थानों और प्रतिष्ठानों का सर्वे किया। अंबाला में यह कार्रवाई सुबह करीब साढ़े पांच बजे शुरू हुई, जो रात साढ़े आठ बजे तक जारी थी। कार्रवाई के दौरान पार्क हीलिंग टच अस्पताल के रिकार्ड रूम की जांच की गई। टीम ने अस्पताल के कर्मचारियों के मोबाइल फोन अपने पास रख लिए।
अस्पताल के कंप्यूटर, लैपटाप और अन्य रिकार्ड भी कब्जे में लेकर जांच की गई। हालांकि आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेटिंग शाखा के इस सर्च आपरेशन के चलते मरीजों को किसी तरह की दिक्कतें नहीं आईं। आयकर विभाग की टीमें तीन गाड़ियों में अंबाला पहुंची थीं और ये तीनों गाड़ियां किराये की थीं।
अस्पताल में उपलब्ध दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच
यह सर्वे आयकर विभाग की चंडीगढ़ डायरेक्टर जनरल के निर्देश पर इन्वेस्टिगेटिंग शाखा की ओर से चलाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने अस्पताल में उपलब्ध दस्तावेजों और डिजिटल रिकार्ड की जांच की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए टीम अपने साथ पंजाब की सीआरपीएफ टीम भी लेकर आई थी।
बताया जा रहा है कि सर्वे अगले 24-48 घंटे तक भी चल सकता है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई के कारणों, जांच में सामने आए तथ्यों या किसी संभावित अनियमितता को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। किसी भी अधिकारी और कर्मचारी ने इस बारे में कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।
