बराड़ा में होगा सबसे ऊंचे रावण का दहन, लिम्का बुक में पांच बार दर्ज हो चुका रिकॉर्ड
श्री रामलीला क्लब बराड़ा की ओर से हर साल दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाता है। बराड़ा के नाम दुनिया के सबसे ऊंचे रावण का रिकॉर्ड लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में 5 बार दर्ज हो चुका है।
जेएनएन, अंबाला। बराड़ा में दुनिया के सबसे ऊंचे रावण के पुतले का दशहरे पर दहन किया जाएगा। 210 फुट के पुतले को बराड़ा में मंगलवार को खड़ा किया गया है। इस पुतले को बनाने में छह महीने लगे है। इस पर 5 लाख रुपये की लागत आई है।
दरअसल, श्री रामलीला क्लब बराड़ा की ओर से हर साल दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस साल भी 5 दिवसीय ये महोत्सव 26 सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगा। बराड़ा के नाम दुनिया के सबसे ऊंचे रावण का रिकॉर्ड लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में 5 बार दर्ज हो चुका है। लिम्का बुक में 2011 में पहली बार ये रिकॉर्ड 2009 में बने पुतले के लिए दर्ज हुआ था। तब से लगातार पुतले की ऊंचाई बढ़ती गई। जिसके चलते 2013, 2014, 2015, 2016 में भी बने पुतले को लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में एंट्री मिली।
यह भी पढ़ें: राम रहीम ने सीबीआइ कोर्ट की सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में दायर की अपील
इस साल बने करीब 4 टन वजन के पुतले की ऊंचाई बीते साल की तरह ही 210 फीट रखी गई है। पुतले का निर्माण रामलीला क्लब के संस्थापक अध्यक्ष तेजेंद्र चौहान के निर्देशन में कराया गया है। चौहान के मुताबिक पुतले के निर्माण में 10 क्विंटल बांस, 25 क्विंटल लोहा, 2000 मीटर कपड़ा, 1 क्विंटल बोरी-टाट, 1 क्विंटल लेई, 1 क्विंटल सुतली और 1.5 क्विंटल फाइबर का इस्तेमाल हुआ है।
यह भी पढ़ें: हनीप्रीत के गिरफ्तारी वारंट के संग दिल्ली में छापा, फिर चकमा दे गई