सात फीट की दीवार को महज पांच फीट में निपटाया, जेई सस्पेंड
छावनी के दशहरा मैदान की दीवार को सात फीट की जगह पांच फीट बनाए जाने से खफा गृहमंत्री एवं स्थानीय शहरी निकाय मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद छावनी के जेई कपिल कंबोज को सस्पेंड कर दिया।
जागरण संवाददाता, अंबाला: छावनी के दशहरा मैदान की दीवार को सात फीट की जगह पांच फीट बनाए जाने से खफा गृहमंत्री एवं स्थानीय शहरी निकाय मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद छावनी के जेई कपिल कंबोज को सस्पेंड कर दिया। मैदान की चाहरदीवारी करने वाले संबंधित ठेकेदार को भी परिषद की ब्लैकलिस्ट करने का फरमान जारी कर दिया गया। जेई की देखरेख में चल रहे निर्माण कार्य के प्रति अनदेखी को घपलेबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है। आखिर जिस दीवार का एस्टीमेट सात फीट का था, उस दीवार को पांच फीट का क्यों बनाया गया।
बता दें कि दशहरा मैदान की मरम्मत के लिए करीब 50 लाख रुपये का टेंडर जारी हुआ था। मैदान की जो चाहरदीवारी सात फीट ऊंची बननी थी उसे ठेकेदार द्वारा पांच फीट की बनाने पर इसकी शिकायत मंत्री विज के समक्ष पहुंची थी। जांच के आदेश मिलने के बाद अधिकारियों ने मैदान का निरीक्षण किया तो शिकायत सही पाई गई। इसके बाद विज ने कार्रवाई का फरमान जारी कर दिया।
मैदान की जर्जर चाहरदीवारी को दुरुस्त करने के अलावा फुटपाथ भी तैयार किया जाना था। इसके अलावा वाहन खड़े के लिए मैदान में पार्किंग व पार्क का गेट भी तैयार होना था ताकि मैदान की सुंदरता को बढ़ाया जा सके। अगस्त माह में कार्य का आर्डर वर्क जारी होने के करीब एक माह बाद इसका कार्य शुरू किया गया था। मैदान की मौजूदा स्थिति यह है कि मलबे व पार्क की चारदीवारी के अलावा दूसरे काम अभी तक अधर में लटके हुए हैं।