Haryana Weather: हरियाणा में अक्टूबर की रातों पर गर्मी का कब्जा; अधिक तापमान ने बढ़ाई चिंता; 9 को हो सकती है बारिश
अंबाला में अक्टूबर माह में भी रातें असामान्य रूप से गर्म बनी हुई हैं, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।
-1791060335639_m.webp)
Haryana Weather: हरियाणा में अक्टूबर की रातों पर गर्मी का कब्जा। फाइल फोटो
HighLights
अंबाला में अक्टूबर माह में भी रातें असामान्य रूप से गर्म।
न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, तत्काल राहत की उम्मीद नहीं है।
जागरण संवाददाता, अंबाला। कैलेंडर अक्टूबर का हो गया, लेकिन मौसम ने अभी गर्मी का साथ नहीं छोड़ा है। दिन का पारा 34 डिग्री के पार पहुंचना भले ही चौंकाने वाला न लगे, लेकिन इस समय रात का तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक होना मौसम के बदले मिजाज की कहानी कह रहा है। अंबाला में शनिवार को न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सामान्य तापमान इससे 3.5 डिग्री कम रहता है।
यानी अक्टूबर की शुरुआत में जिस समय रात के तापमान में गिरावट महसूस होने लगती है, उस समय भी शहर को अपेक्षित ठंडक नहीं मिल रही। अधिकतम तापमान भी 34.1 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। तापमान के ये आंकड़े दिन की गर्मी से ज्यादा रात में ठंडक नहीं उतरने की ओर इशारा कर रहे हैं।
शनिवार को बारिश नदारद रही। सुबह की अधिक नमी और गर्म दिन का असर मौसम में बना रहा। अगले कुछ दिनों के पूर्वानुमान से भी तत्काल राहत के संकेत नहीं मिल रहे। चार और पांच अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान हालांकि 22-23 डिग्री तक नीचे आ सकता है।
तापमान धीरे उतरेगा, बादल बढ़ेंगे
मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान में तापमान में अचानक गिरावट के बजाय धीरे-धीरे कमी का संकेत है। आठ अक्टूबर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और नौ अक्टूबर को 30 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। इस दौरान आसमान में बादलों की मौजूदगी बढ़ने की संभावना है।
नौ अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर बारिश या गरज के साथ बौछार की संभावना जताई गई है। मौसम के आंकड़ों से फिलहाल यह साफ है कि अंबाला में गर्मी से सीधे ठंड की ओर बदलाव नहीं होने वाला।
