Move to Jagran APP

Haryana News: प्रदेश में पदयात्राओं के जरिये राजनीतिक खूंटा मजबूत करने की चल रही कवायद

हरियाणा में चर्चित विधानसभा सीट महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने गणतंत्र दिवस पर राजधानी चंडीगढ़ तक की पदयात्रा आरंभ की है। बलराज कुंडू ने नांगल चौधरी से तितरम तक पदयात्रा का शेड्यूल जारी कर दिया है।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaPublished: Fri, 27 Jan 2023 10:47 AM (IST)Updated: Fri, 27 Jan 2023 10:47 AM (IST)
Haryana News: प्रदेश में पदयात्राओं के जरिये राजनीतिक खूंटा मजबूत करने की चल रही कवायद
प्रदेश में पदयात्राओं के जरिये राजनीतिक खूंटा मजबूत करने की चल रही कवायद

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़: हरियाणा में पदयात्राओं की राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद जहां हाथ से हाथ जोड़ो अभियान आरंभ किया जा रहा है, वहीं रोहतक जिले की चर्चित विधानसभा सीट महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने गणतंत्र दिवस पर राजधानी चंडीगढ़ तक की पदयात्रा आरंभ की है। कुंडू ने यह पदयात्रा अपने सामाजिक संगठन जनसेवक मंच के बैनर तले आरंभ की। देर-सबेर इस मंच के राजनीतिक दल बनने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता।

loksabha election banner

Republic Day: हरियाणा की झांकी में दिखा भगवान कृष्ण का 'विराट स्वरूप', महाभारत की थीम ने मोहा सबका मन

इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने अपनी पार्टी की किस्मत पलटने की कोशिश करते हुए 20 फरवरी से परिवर्तन पदयात्रा शुरू करने का एलान कर रखा है। वह पूरे सात माह तक यह पदयात्रा निकालेंगे। भाजपा ने इन पदयात्राओं पर कहा कि अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान और पदयात्राएं निकाली जा रही हैं। हरियाणा कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान एक फरवरी से आरंभ होगा।

30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हरियाणा के कांग्रेस नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में दो माह के लिए गांवों की तरफ निकल पड़ेंगे। राज्य के सभी जिला व ब्लाकों में यह अभियान चलेगा। प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान के मुताबिक इस दौरान लोगों को केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस की चार्जशीट व राहुल गांधी का खुला पत्र सौंपा जाएगा। तैयारियों को अंतिम रूप मंगलवार को चंडीगढ़ में हुई बैठक में दिया जा चुका है।

जनसेवक मंच के संयोजक के नाते महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने बृहस्पतिवार को दक्षिण हरियाणा के नांगल चौधरी से पदयात्रा आरंभ की, जो चंडीगढ़ तक पहुंचेगी। बलराज कुंडू अपने समर्थकों व लोगों के साथ हर रोज कम से कम 20 से 25 किलोमीटर तक पदयात्रा करेंगे। कुंडू के अनुसार राज्य में व्यवस्था परिवर्तन के लिए यह पदयात्रा निकाली जा रही है। गरीब, बेरोजगारों, जरूरतमंद लोगों व किसानों के हक में सड़क से विधानसभा तक आवाज बुलंद की जाएगी।

बलराज कुंडू ने जारी किया नांगल चौधरी से तितरम तक पदयात्रा का शेड्यूल

बलराज कुंडू ने नांगल चौधरी से तितरम तक पदयात्रा का शेड्यूल जारी कर दिया है, जबकि कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, लाडवा से चंडीगढ़ तक शेड्यूल जल्दी घोषित होगा। हर रोज आधा दर्जन गांवों के लोगों से संवाद के बाद रात्रि पडाव गांव में ही किया जाएगा। बलराज कुंडू ने रोहतक जिले में बेटियों की शिक्षा व उनके स्कूल-कालेज आने जाने के लिए अपने निजी खर्चे से बड़े बंदोबस्त किए हुए हैं। इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला 20 फरवरी से परिवर्तन पदयात्रा आरंभ करने वाले हैं, जो पूरे सात माह तक यानी ताऊ देवीलाल की जयंती 25 सितंबर तक चलेगी।

इस यात्रा का समापन कुरुक्षेत्र में होगा। यानी धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में अभय सिंह चौटाला ताऊ देवीलाल के जन्मदिन व यात्रा के समापन पर बड़ी रैली करने वाले हैं। अभय सिंह के भाई जेजेपी के अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला, भतीजे उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला और दूसरे भतीजे जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला को लगता है कि अभय सिंह अपने दावे को पूरा नहीं कर पाएंगे, क्योंकि उनके साथ पार्टी का कोई व्यक्ति नहीं रह गया है। हालांकि अभय सिंह अपने भाई व भतीजों को यह कहते हुए चुनौती देते हैं कि आगे-आगे देखिये होता है क्या।

ट्रेन बैक हो रहा ट्राला यात्री गाड़ी से टकराया, ट्रॉली क्षतिग्रस्त, कोई जानी नुकसान नहीं, बड़ा हादसा टला

हरियाणा की जनता समझ चुकी है कि इन पदयात्राओं व हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का क्या मतलब है। जनता को राज्य में स्थायी व जन कल्याण की सरकार चाहिए, जो भाजपा दे रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश के हित पूरी तरह से सुरक्षित हैं। किसानों, जरूरतमंद लोगों, गरीबों व समाज के सबसे पीछे खड़े तबके की चिंता राज्य सरकार को है। उन्हें धरातल पर लाभ मिल रहा है। कल भारत जोड़ने की मुहिम चालू हुई, फिर हाथ से हाथ जुड़ेगा और वह दिन भी दूर नहीं, जब लोग इन विपक्षी दलों को नाक से नाक रगड़ने पर मजबूर कर देंगे। -सुदेश कटारिया, प्रवक्ता, हरियाणा भाजपा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.