गुरुकुल का जीवन भी वृक्षों के सान्निध्य में ही मिलता रहा : धनखड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पौधे हमारे जीवन का मुख्य आधार हैं और वृक्ष से ही सांस और जीवन है। कबीर जी के दोहों में पेड़-पौधों के जीवंत उदाहरण दिए गए हैं।
जागरण संवाददाता, अंबाला : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पौधे हमारे जीवन का मुख्य आधार हैं और वृक्ष से ही सांस और जीवन है। कबीर जी के दोहों में पेड़-पौधों के जीवंत उदाहरण दिए गए हैं। कबीर जी की वाणी में कहा गया है कि सांस की कीमत तीन लोकों से ऊंची है। पेड़ हमारे बाहरी फेफड़े हैं, जो हमें आक्सीजन प्रदान करते हैं। वे सोमवार को अंबाला कैंट के इंदिरा पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान केंद्रीय जल शक्ति एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया, हरियाणा के गृह, शहरी स्थानीय निकाय एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज सहित अन्य मौजूद रहे। इस दौरान पार्क में भाजपा नेताओं ने पौधे रोपित किए।
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि पेड़ हमें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। जिस प्रकार पेड़ हमें छाया देते हैं, उसी प्रकार प्रदेशाध्यक्ष भी कार्यकर्ताओं पर छाया रखने का काम करेंगे। विज ने पर्यावरण की स्वच्छता का प्रतीक कपूर का पौधा रोपित किया। केंद्रीय जल शक्ति एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया ने कहा कि प्रदेश में 20 प्रतिशत क्षेत्र को वन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की जरूरत है। मौके पर कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी, अंबाला शहर के विधायक असीम गोयल, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, म्हारा हरियाणा-हरा भरा हरियाणा अभियान के संयोजक पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा, मंडल प्रधान राजीव डिपल, मीडिया प्रभारी विजेंद्र चौहान, बलकेश वत्स आदि मौजूद रहे।
----------
पहले स्थान पर आता है अंबाला
प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि म्हारा हरियाणा-हरा भरा हरियाणा अभियान की शुरुआत पर कहा कि अल्फाबैटिक तरीके से अंबाला पहले स्थान पर आता है और ए से अनिल विज का नाम भी चरितार्थ है। अंबाला ठाडे आदमियों की धरती है, इसलिए तो राफेल ने अंबाला में लैंडिग की है। बालाकोट पर हमले भी यहीं से किए गए।