कड़ाके की ठंड : अफसरशाही से निराश लोग विज के सामने दुखड़ा रोने पहुंचे
भीषण ठंड के बावजूद दूर-दराज से लोग अपनी समस्याओं को लेकर शनिवार को गृह शहरी स्थानीय निकाय एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के निवास स्थान पर पहुंचे। गृह मंत्री ने फरियादियों से शिकायत लेकर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, अंबाला : भीषण ठंड के बावजूद दूर-दराज से लोग अपनी समस्याओं को लेकर शनिवार को गृह, शहरी स्थानीय निकाय एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के निवास स्थान पर पहुंचे। गृह मंत्री ने फरियादियों से शिकायत लेकर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
जगाधरी से आए बुजुर्ग प्रशान्त दिलीप सिंह मल्होत्रा ने बताया कि उनका कूल्हा टूट गया था, और उसका ऑप्रेशन चंडीगढ़ पीजीआइ में हुआ था। उसके कुछ पश्चात दोबारा कूल्हे में तकलीफ होने पर वह जगाधरी ट्रामा सेंटर में गया, लेकिन उसका वहां पर सही इलाज नहीं हुआ है। इसकी शिकायत उसने मंत्री के समक्ष रखी। इसी प्रकार जिला झज्जर के गांव छारा की सुषमा देवी ने कहा कि उसके पति का निधन असामान्य परिस्थितियों में हुआ था जिसके तहत पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की।
मेहताबगढ़ निवासी सतिन्द्र कौर पत्नी सतपाल ने बताया कि उन्होंने एक मकान खरीदा था जिसमें उसके साथ धोखाधडी हुई है। इसी प्रकार रोहतक के महम से आए राजपाल पुत्र दुनीचंद ने पुलिस से सम्बन्धित अपनी शिकायत मंत्री के सामने रखी। शहजादपुर खण्ड के गांव बिलासपुर निवासी राय सिंह ने गली निर्माण संबधी शिकायत रखी।
इसी प्रकार गांव मुआना जींद निवासी चयन सिंह द्वारा पिछली पंचायत से देय बकाया राशि तथा गांव की गली में उचित निर्माण सामग्री न लगाने बारे शिकायत रखी। गांव फिरोजपुर काटका से आये रामपाल पुत्र रामस्वरूप ने जमीन पर कब्जे से सम्बन्धित शिकायत रखी। गांव रामनगर (शाहबाद) से आये भूतपूर्व सैनिक हरजीत सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह ने बेटल केजुएल्टी के आधार पर नौकरी से सम्बन्धित प्रार्थना पत्र दिया। नरवाना से प्रदीप कुमार ने कहा कि उसकी बहन सुदेश की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
शहर निवासी हिना पुत्री भगत बहादुर ने पासपोर्ट संबधी अपनी शिकायत गृहमंत्री के सामने रखी। यमुनानगर निवासी पूनम पत्नी कुलदीप सिंह ने मोबाईल टावर को उचित स्थान पर न लगाये जाने की शिकायत की। महेन्द्रगढ के कस्बा कनीना से आए पृथ्वी सिंह पुत्र नित्यानंद ने एक झगड़े में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई न करने बारे शिकायत रखी। जिला जींद के गांव डांढत में गांव के कुछ लोगों द्वारा शिकायत रखी कि उनके गांव में एक व्यक्ति द्वारा नकली दूध का कारोबार किया जा रहा है। इस पर मंत्री ने सम्बन्धित अधिकारियों को इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने बारे निर्देश दिए।
इस अवसर पर राजीव गुप्ता, मीडिया कोर्डिनेटर विजेन्द्र चौहान, आशीष अग्रवाल, नरेन्द्र राणा, ललित चौधरी, शैलेन्द्र खन्ना, उमेश साहनी सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
मोदी के हाथों में देश सुरक्षित : विज
विज ने कहा सभी कांग्रेस जनों को अपने घरों व कार्यालयों में कांग्रेस के संस्थापक एओ हयूम की तस्वीर लगानी चाहिए तथा उनका जन्मदिन भी मनाना चाहिए। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर कहा कि देश की जनता अब समझ रही है कि यह कानून देशहित में है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी देश की जनता को बरगलाने का काम कर रहे हैं जिसमें वे सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में पूरी तरह सुरक्षित है तथा विकास की ओर अग्रसर है।