नागरिक अस्पताल में लगी आग, हड़कंप
शनिवार की आधी रात सिविल अस्पताल की ओपीडी में अचानक आग लग गई। धुंआ निकलता देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर वार्डो में सो रहे मरीज व तीमारदार जग गए तो कुछ आग लगने वाली जगह पर दौड़ पड़े।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : शनिवार की आधी रात सिविल अस्पताल की ओपीडी में अचानक आग लग गई। धुंआ निकलता देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर वार्डो में सो रहे मरीज व तीमारदार जग गए तो कुछ आग लगने वाली जगह पर दौड़ पड़े। इसी बीच अस्पताल के कर्मचारियों ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। हालांकि दमकल विभाग की गाड़ी आने से पूर्व कर्मचारियों ने वहां लगे फायर स्ट्रिगर की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया गया मगर बात नहीं बनी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है आग शार्ट सर्किट के कारण लगी थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब डेढ़ बजे अस्पताल की ओपीडी में अचानक से धुआं निकलने लगा। पहले तो किसी का ध्यान नहीं गया, लेकिन धुआं जब ओपीडी के बरामदे तक पहुंचा तो कर्मचारियों को जलने की बदबू आने लगी। वे पहुंचे तो देखा कि आग लगी है। इसकी सूचना डाक्टरों को दी। सूचना पाते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट के कारण इनवर्टर से आग लगी है। डा. पवनीश अग्रवाल ने बताया कि आग के कारण फिलहाल आपरेशन थिएटर को बंद कर दिया गया है। इसे फिर से तैयार किया जाएगा। कोई जानी नुकसान नहीं
अस्पताल कर्मचारियों के अनुसार, गनीमत रही कि हादसा रात के समय हुआ। इस दौरान ओपीडी में कोई मरीज नहीं था। अगर घटना दिन के समय हुई होती तो निश्चित रूप से बड़ा हादसा होता और लोगों में अफरा तफरी मच जाती। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।