धान खरीद का इंतजार करते रहे किसान, मिली मायूसी
अनाज मंडी बराड़ा में किसान अपनी धान लेकर इंतजार करते रहे कि कब यह शुरू हो। दिन भर इंतजार करते रहे लेकिन मायूसी ही मिली। खरीद एजेंसियों के अधिकारियों द्वारा धान की खरीद आरंभ नहीं की गई।
संवाद सहयोगी, बराड़ा : अनाज मंडी बराड़ा में किसान अपनी धान लेकर इंतजार करते रहे कि कब यह शुरू हो। दिन भर इंतजार करते रहे, लेकिन मायूसी ही मिली। खरीद एजेंसियों के अधिकारियों द्वारा धान की खरीद आरंभ नहीं की गई। हालांकि खरीद बंद करने के कोई लिखित आदेश नहीं हैं, जबकि मौखिक आदेशों पर ही यह सब किया जा रहा है। इसी कारण से किसान जहां परेशान हैं, वहीं किसान संगठन भी सरकार के विरोध में उतर आए हैं। किसान को कच्ची पर्ची देकर सरकारी खरीद के इंतजार का परामर्श दे रहे हैं। लेकिन आढ़तियों को भी खरीद के इंतजार में फसल की संभाल करनी पड़ रही है। किसान राम दयाल, जय सिंह, प्रेम चन्द, मलकीत सिंह, नेत्रपाल, नायब सिंह, जगदेव सिंह व सतविदर सिंह ने बताया कि वो पिछले कई दिनों से अनाज मंडी के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उन्हें खरीद शुरू होने के बारे कहीं से भी कोई सूचना नहीं मिल पा रही। अनाज मंडी बराड़ा, खरीद केंद्र सरदेहड़ी व उगाला में भी पांच दिनों से खरीद नहीं हो रही है। खरीद शुरू न की, तो उतरेंगे सड़कों पर : धर्मबीर
भारतीय किसान संघ के प्रदेश सचिव धर्मवीर सिंह थंबड़ ने कहा कि यदि धान की खरीद शुरु नहीं हो पाई, तो सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। सरकार इस समस्या को गंभीरता से ले। किसान इस वक्त बुरी तरह से परेशान हैं।
-----------
खरीद रोकना गलत है : विर्क
आढ़ती संघ अनाज मंडी बराड़ा के प्रधान कंवरजीत सिंह विर्क का कहना है कि धान की सरकारी खरीद रोका जाना बिल्कुल भी सही नहीं है। सरकार के इस कदम से आढ़ती, किसान व मजदूरों को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ रहा है। आगामी फसल की बिजाई पर भी असर पड़ रहा है। -सरदार कंवरजीत सिंह विर्क प्रधान आढ़ती संघ अनाज मंडी बराड़ा।