दहेज में कार-एसी नहीं मिलने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
पति समेत ससुराल पक्ष के चार अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, नवंबर 2017 में हुई थी शादी, पांच महीने बाद ही मायके लौटी
जागरण संवाददाता, अंबाला: छावनी के महेशनगर थाने में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। पीड़िता राधिका ठाकुर निवासी हरि नगर ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता के पति राजीव कुमार समेत शिव कुमार, रेनू बाला, संजीव कुमार व सुमन निवासी राम दरबार फेस -2 चंडीगढ़ को नामजद किया गया है। पिछले कई महीनों से अंबाला शहर महिला सेल में मामले की जांच चल रही थी, लेकिन दोनों ही पक्षों में पुलिस की मौजूदगी में कोई समझौता नहीं होने पर केस दर्ज की सिफारिश की गई।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 23 नवंबर 2017 को राजीव के साथ हुआ था। शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किया गया था। राधिका ने आरोप लगाया कि पति राजीव उन्हें दहेज को लेकर अक्सर ताने मारता था। वह कार, एसी और एलईडी टीवी की मांग पर अड़ा था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अनबन रहने लगी। राजीव राधिका के साथ मारपीट भी करता था। राधिका के परिजनों के साथ भी बुरा बर्ताव किया जाता था।
पांच महीने ही ससुराल में रह सकी
राधिका ने बताया कि कुछ महीने पहले जब पीड़िता ने मायके से दहेज का सामान लेकर आने से मना कर दिया तो उसे मारा-पीटा गया और घर से बाहर निकाल दिया गया। ऐसे में महज पांच महीने तक ही वह अपने ससुराल में रही। इसी साल अप्रैल में अपने मायके अंबाला छावनी वापस आ गई। इसके बाद एसपी को शिकायत दी गई और महिला सेल ने मामले की जांच की। अब जाकर पुलिस ने मामले में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया है।