जनता के सहयोग से हर काम हो जाता है आसान : एसपी
एसपी अभिषेक जोरवाल ने कहा कि आम जनता के सहयोग से हर कार्य आसान हो जाता है। कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें समाज से अपराध को काफी हद तक कम किया जा सकता है। वे शनिवार को पुलिस डीएवी स्कूल अंबाला शहर में पुलिस सप्ताह के आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : एसपी अभिषेक जोरवाल ने कहा कि आम जनता के सहयोग से हर कार्य आसान हो जाता है। कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, समाज से अपराध को काफी हद तक कम किया जा सकता है। वे शनिवार को पुलिस डीएवी स्कूल अंबाला शहर में पुलिस सप्ताह के आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया। स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
एसपी ने कहा कि पुलिस सप्ताह कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को कानून व्यवस्था, ट्रैफिक नियम सहित अन्य विषयों पर जागरूक करने का काम किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस क्षेत्र में जिन कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी को बखूबी निभाते हुए कईं केसों में मुख्य आरोपितों को पकड़ने में सफलता हासिल की है उनको सम्मानित किया गया। इस तरह केसों में तत्परता से कार्रवाई करते लोगों को न्याय दिलाने, रक्तदान शिविर सहित अन्य सामाजिक कार्यो में भाग लेने वाले पुलिस कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में शब्द वाणी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत हरियाणवी नृत्य, रागनी व अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन विद्यार्थियों को पुलिस ने सम्मानित किया।
कुख्यात अपराधी अजय राणा को पकड़ने में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी नरेंद्र कुमार, जगमोहन, संदीप व अन्य को भी पुलिस अधीक्षक ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस डीएवी स्कूल के प्राचार्य विकास कोहली, म्यूजिशियन अमन, डांस टीचर सीमा सहित डा. काम्या को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीएसपी सुल्तान सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।