मरीज से छेड़छाड़ का आरोपी डॉक्टर न्यायिक हिरासत में
मरीज से छेड़छाड़ के आरोप में काबू डॉक्टर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डॉक्टर पर 17 मई को छेड़छाड़ का आरोप लगा था।
जेएनएन, अंबाला शहर। शहर के सेक्टर-9 के सिटी क्लीनिक में महिला मरीज से छेड़छाड़ के आरोप में चंडीगढ़ पीजीआइ से गिरफ्तार किए गए डॉक्टर हिमेश अग्निहोत्री को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने पूछताछ पूरी होने का हवाला देते हुए रिमांड नहीं मांगा। ऐसे में अदालत ने उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। बता दें, छेड़छाड़ का आरोप 17 मई को लगा था।
क्लीनिक में पीड़ित महिला तथा उसके परिजनों द्वारा की गई तोड़फोड़ में चोट लगने से घायल डॉक्टर को ट्रामा सेंटर से पीजीआइ रेफर किया गया था। पीड़िता व उसके पति के खिलाफ भी शहर सदर थाने में केस दर्ज केस की जांच जारी है। सिविल अस्पताल प्रशासन से आरोपी को लगी चोट की रिपोर्ट मांगी गई है। उसके आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
बता दें, घटना की शाम महिला, उसके पति व ससुर ने डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पहले उसे पीटा, बाद में तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। उसी दौरान पीड़ित महिला की तरफ से वीडियो जारी हुआ जिसमें डॉक्टर दंपती गलती मानते हुए माफी मांग रहा था। उसके बाद माहौल पूरी तरह पीड़िता के पक्ष में आ गया। विरोध में कैंडल मार्च निकाला गया। एएसपी नितिका गहलोत के अनुसार आरोपी के ज्यूडिशियल कस्टडी में भिजवा दिया गया गया है। दोनों केसों में नियमानुसर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: लड़की से छेड़छाड़, बस में चढ़ी तो युवक पीछा कर खुद फंसे जाल में