नागरिक अस्पताल में डीएनबी कोर्स के लिए निरीक्षण आज
नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के लिए डीएनबी कोर्स शुरू होना है।
जागरण संवाददाता: अंबाला शहर
नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के लिए डीएनबी कोर्स शुरू होना है। इसके लिए आज दिल्ली की टीम निरीक्षण करेगी। बुधवार को अस्पताल प्रशासन ने तैयारी कर ली है। वहीं कोर्स के मानक पूरा करने के लिए नई लाइब्रेरी भी शुरू कर दी है।
शहर के नागरिक अस्पताल में रोजाना करीब 1600 मरीज इलाज के लिए आते हैं। अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यहां पर नया सर्जिकल ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। जहां पर मॉडयूलर ओटी का निर्माण किया जाएगा। नए ब्लॉक में मरीजों को इलाज की बेहतर सुविधा मिलेगी। अब शासन ने प्रदेश में डीएनबी कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के करीब आठ नागरिक अस्पताल में कोर्स की शुरुआत होगी। बृहस्पतिवार को टीम कभी-भी निरीक्षण के लिए पहुंच जाएगी। इस संबंध में पीएमओ डॉ. पूनम जैन ने बताया कि बृहस्पतिवार को डीएनबी कोर्स के लिए निरीक्षण करेगी।