कट मारने पर टोकने पर विवाद, हमला किया
होली के मौके पर शहर के सेक्टर एक में कार के आगे कट मारने पर विवाद हो गया जो इतना बढ़ गया कि युवकों ने कार सवारों पर न केवल हमला कर दिया बल्कि कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : होली पर शहर के सेक्टर एक में कार के आगे कट मारने पर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि युवकों ने कार सवारों पर हमला कर दिया और कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मॉडल टाउन पुलिस ने शिकायत पर दो समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मोहाली के लालडू थाना क्षेत्र के गांव झरमडी के 19 वर्षीय पलवीर सिंह ने बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है। उसके साथ शहर के न्यू प्रताप नगर का कर्ण बैनीवाल और मोटर मार्केट के गुरसिमरन सिंह भंगु कार से होली मनाने शहर आये थे। सेक्टर एक जेल लैंड में पहुंचे, वहां से निकलते एक बाइक ने उनकी गाड़ी के आगे से कट मार दिया। इससे बाइक कार से टकरा गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाइक पर सवार तीन युवकों में से एक ने हाथ में डंडा पकड़ा हुआ था। उसने कार के आगे शीशे पर मार दिया। इसके बाद उनका पीछा करने लगे। थोड़ा आगे बढ़ने पर 10-12 और लड़के आ गये। उन्होंने कार के आगे बाइक खड़ी कर दी और रास्ता रोक लिया। आरोपितों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। गुरसिमरन सिंह पर आगे से हमला कर दिया और कार भी तोड़ दी। शिकायत में बताया कि गुरसिमरण सिंह पर सुगंध और शिवांग के दोस्तों ने इकट्ठे होकर हमला किया और कार तोड़ी।
मुकदमा दर्ज किया है
हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। तोड़ी हुई गाड़ी मॉडल टाउन चौकी में खड़ी की हुई है।
वरियाम सिंह, चौकी इंचार्ज, मॉडल टाउन।