अंबाला में केवाइसी अपडेट के नाम पर 7.10 लाख की ठगी, साइबर गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार
अंबाला में साइबर क्राइम पुलिस ने पेटीएम केवाईसी अपडेट के नाम पर 7.10 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
-1790618803071_m.webp)
अंबाला में केवाइसी अपडेट के नाम पर 7.10 लाख की ठगी का मामला।
HighLights
पेटीएम केवाईसी अपडेट के नाम पर 7.10 लाख की ठगी।
साइबर क्राइम पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य पकड़े।
आरोपियों ने क्यूआर कोड, बैंक खाता बंद होने का डर दिखाया।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। पेटीएम की केवाईसी अपडेट कराने और क्यूआर कोड व बैंक खाता बंद होने का डर दिखाकर 7.10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपितों की पहचान सिरमौर हिमाचल प्रदेश निवासी राजेश और प्रदीप तथा पंचकूला के पिंजौर थाना क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी बलबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने रिमांड के दौरान आरोपितों से ठगी से जुड़े दस्तावेज और नकदी बरामद की।
न्यायालय के आदेश पर तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रंजीत नगर निवासी चंद्रिका प्रसाद ने 19 सितंबर को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से 16 सितंबर के बीच अज्ञात लोगों ने फोन कर पेटीएम की केवाईसी अपडेट करने का झांसा दिया।
क्यूआर कोड और बैंक खाता बंद होने का डर दिखाकर उनसे अलग-अलग तरीके से 7.10 लाख रुपये ठग लिए गए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप कुमार, एएसआई परविन्द्र सिंह और टीम ने काल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपितों तक पहुंच बनाई और तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बलबीर सिंह के खिलाफ पंचकूला जिले में साइबर ठगी के चार अन्य मामले पहले से दर्ज हैं।
