अंबाला में करोड़पति बनाने का सपना दिखाकर चचेरे भाई ने की 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी, अनिल विज ने दिए कार्रवाई के आदेश
अंबाला में एक व्यक्ति को उसके चचेरे भाई, उसकी पत्नी और दोस्त ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी का शिकार बनाया।
-1791971739406_m.webp)
हरियाणा मंत्री अनिल विज (फाइल फोटो)
HighLights
चचेरे भाई ने क्रिप्टो निवेश के नाम पर 13 लाख ठगे
धोखाधड़ी में भाई की पत्नी और दोस्त भी शामिल थे
मंत्री अनिल विज के हस्तक्षेप के बाद एफआईआर दर्ज
जागरण संवाददाता अंबाला। अंबाला कैंट की मोची मंडी निवासी व्यक्ति ने अपने चचेरे भाई उनकी पत्नी और दोस्त पर 13 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए हैं।
आरोप है कि तीनों ने उसे क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर करोड़पति बनने का झांसा देकर उसके 13 लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद साजिश के तहत उसके खाते में पैसे जमा कराकर नकद लेते रहे।
पुलिस ने इस मामले में जब कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने मंत्री अनिल विज के दरबार में पहुंचकर शिकायत की। मंत्री के आदेश पर कैंट थाने में एफआइआर दर्ज की गई है।
मोची मंडी निवासी दीपक ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके चचेरे भाई मनोज ने क्रिप्टोकरेंसी की ट्रेडिंग का काम किया है। आरोपित ने उनसे संपर्क किया और कहा कि आप भी पैसा निवेश कर अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। लेकिन, उसने पैसा निवेश करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद मनोज समय समय पर उसके पास आता रहा और पैसे निवेश करने की बात कही। एक दिन वह उसे निकोलसन रोड स्थित अपने कार्यालय पर ले गया। जहां पर उसे निखिल मिला, उसने भी पैसा निवेश करने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद आरोपितों ने उसे एक दिन मनोज के घर पर बुलाया। जहां पर मनोज की पत्नी ने उन्हें नौ रिटर्न दिलाने का दावा किया।
जिससे वह उनके झांसे में आ गया और नवंबर 2024 को अपने खाते से मनोज के खाते में 13 लाख रुपये निवेश कर दिए। पैसे लेने के बाद उसका व्यवहार बदल गया और उसे कोई मुनाफा नहीं दिया गया।
यही नहीं आरोपितों ने एक साजिश के तहत उसके खाते में पैसे जमा कर नकद लेने शुरू कर दिए। आरोपितों ने उसके खाते में करीब 12 लाख रुपये जमा किए और खाते से निकालकर नकद ले लिए। लेकिन, उसे किसी तरह का कोई मुनाफा नहीं दिया गया। यहां तक कि उसके मोबाइल फोन से मैसेज भी डिलिट कर दिए।
पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
दीपक का कहना है कि उसने पुलिस को इसकी शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद वह मंत्री अनिल विज के पास पहुंचे और पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
मंत्री अनिल विज ने तुरंत ही एसपी को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी के निर्देश पर अंबाला कैंट थाना पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।
