अमित शाह की रैली की तैयारियां तेज, जायजा लेने गांधी मैदान पहुंचे CM नायब सैनी और अनिल विज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 5 नवंबर को अंबाला छावनी में प्रस्तावित रैली की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गांधी मैदान पहुंचे।

अमित शाह की रैली की तैयारियों का जायजा लेने गांधी मैदान पहुंचे सीएम सैनी, विज ने किया स्वागत।
HighLights
सीएम सैनी ने अमित शाह रैली की तैयारी परखी
अनिल विज संग गांधी मैदान का निरीक्षण किया
अधिकारियों संग व्यवस्थाओं पर गहन चर्चा हुई
जागरण संवाददाता, अंबाला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पांच नवंबर को अंबाला छावनी में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गांधी मैदान पहुंचे, जहां परिवहन मंत्री अनिल विज ने उनका स्वागत किया।
दोनों नेताओं ने अधिकारियों के साथ मैदान का निरीक्षण कर रैली की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस दौरान मंच की जगह तय करने और बारिश की स्थिति में जलभराव से निपटने जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहे। इससे पहले परिवहन मंत्री अनिल विज ने शहीद स्मारक में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की थी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शहीद स्मारक पहुंचने की चर्चा थी। मुख्यमंत्री के गांधी मैदान पहुंचने का संदेश मिला, जिसके बाद विज और अन्य अधिकारी मैदान में पहुंच गए। गांधी मैदान में मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली।
अधिकारियों के साथ चर्चा की गई कि मैदान में मंच कहां बनाया जाए और लोगों के बैठने सहित अन्य व्यवस्थाएं किस प्रकार की जाएं। आयोजन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न आए, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
मैदान का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अंबाला छावनी स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह पहुंचे। यहां अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा की गई।
सीएम पिछली सीट और विज आगे की सीट पर बैठे
गांधी मैदान का निरीक्षण करने के बाद सीएम नायब सिंह सैनी व ऊर्जा मंत्री अनिल विज पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कार में पिछली सीट पर सीएम बैठे, जबकि आगे की सीट पर विज बैठे। रेस्ट हाउस में पहुंचने के बाद दोनों ने अधिकारियों के साथ मीटिंग की।
