वर्कशॉप में ड्यूटी इंस्पेक्टर को परिचालक ने जड़ा थप्पड़, जान से मारने की दी धमकी
रविवार दोपहर रोडवेज वर्कशॉप में डीआई (ड्यूटी इंस्पेक्टर) शमशेर सिंह को परिचालक उमेद सिंह ने थप्पड़ जड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि डीआइ ने उमेद सिंह की अंबाला-कालका रूट पर दौड़ने वाली बस में ड्यूटी लगाई थी लेकिन वह नहीं गया। इसी को लेकर झगड़ा हुआ।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : रविवार दोपहर रोडवेज वर्कशॉप में डीआई (ड्यूटी इंस्पेक्टर) शमशेर सिंह को परिचालक उमेद सिंह ने थप्पड़ जड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि डीआइ ने उमेद सिंह की अंबाला-कालका रूट पर दौड़ने वाली बस में ड्यूटी लगाई थी, लेकिन वह नहीं गया। इसी को लेकर झगड़ा हुआ।
जानकारी के अनुसार चालक प्रवीन कुमार बस को लेकर खड़ा था, लेकिन परिचालक ने जाने से साफ इंकार कर दिया। ड्यूटी पर न जाने का जब डीइ ने कारण पूछा तो दोनों में काफी बहस हो गई। तकरार इतनी बढ़ गई नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। तैश में आए कंडक्टर ने डीआइ को थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। शहर की बलदेव नगर पुलिस ने परिचालक उमेद के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वर्कशाप में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस जांच को आगे बढ़ाएगी। इस बात को लेकर हुआ झगड़ा
डीआइ शमशेर सिंह ने बताया कि रविवार को भी वह रोजाना की तरह बसों को रूटों पर भेज रहे थे। इसी दौरान परिचालक उमेद सिंह वहां आया, जिसे अंबाला-कालका मार्ग पर जाने के लिए कहा गया। उसके साथ चालक प्रवीन कुमार जाने के लिए तैयार था जोकि बस में कंडक्टर के आने का इंतजार कर रहा था। आरोप है परिचालक ने इस रूट पर जाने से मना कर दिया।
इस बारे में जब कर्मी से पूछा गया तो उसने बहसबाजी शुरू कर दी जिसका डीआइ ने भी विरोध किया। इस तरह दोनों में झगड़ा हो गया। वहीं वर्कशॉप में मौजूद कर्मचारियों ने बीचबचाव कर मामले को शांत किया। उमेद सिंह ने उनके कार्यालय में दो बार फिर से झगड़ा किया और उन्हें थप्पड़ मारे तथा जाते समय जान से मारने की धमकी दी है। सभी आरोप झूठे: उमेद
इस संबंध में दैनिक जागरण ने आरोपित परिचालक उमेद सिंह से संपर्क किया तो उन्होंने उन पर लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि डीआइ उन्हें काफी समय से परेशान कर रहे थे। वे कालका रूट पर इसलिए नहीं जाना चाहते थे क्योंकि वहां ठंड ज्यादा है और रात में वहां रुकने के लिए उनके पास कपड़े वगैरह नहीं थे। उन्होंने कहा कि अधिकारी ने ही उन्हें थप्पड़ मारे हैं और उलटे मेरे खिलाफ ही मामला दर्ज करवा दिया।