दीवार समेत झुका पेड़ वन विभाग बोला हमारा नहीं, निगम ने हाथ खड़े किए
छावनी के कच्चा बाजार में इकबालगंज रोड स्थित फारुखा खालसा मीडिल स्कूल की दीवार में करीब 30 साल पहले उगा बरगद का पेड़ अब बच्चों की जान मुसीबत में डाल सकता है। यह पेड़ ज्यादा भार होने से दीवार समेत झुक गया है। इसीलिए स्कूल प्रशासन इस पेड़ को कटवाने के लिए नगर निगम और वन विभाग दोनों के पास चक्कर काट कर रहा है लेकिन कोई सुनवाई अभी तक नहीं हुई है।
जागरण संवाददाता, अंबाला : छावनी के कच्चा बाजार में इकबालगंज रोड स्थित फारुखा खालसा मीडिल स्कूल की दीवार में करीब 30 साल पहले उगा बरगद का पेड़ अब बच्चों की जान मुसीबत में डाल सकता है। यह पेड़ ज्यादा भार होने से दीवार समेत झुक गया है। इसीलिए स्कूल प्रशासन इस पेड़ को कटवाने के लिए नगर निगम और वन विभाग दोनों के पास चक्कर काट कर रहा है, लेकिन कोई सुनवाई अभी तक नहीं हुई है।
प्रिसिपल ने इस मामले में नगर निगम अंबाला सदर जोन को 22 और 28 नवंबर, 2018 में एक शिकायत दी थी नगर निगम सदर जोन के एक्सईएन ने प्रिसिपल को 13 दिसंबर, 2018 को लिखित में जवाब दिया कि जिस पेड़ को काटने की मांग आपने की है, वह पेड़ हरा-भरा है। इसीलिए इस पेड़ को काटा नहीं जा सकता। इसीलिए इस पेड़ को कटवाने के लिए आप वन विभाग से नियमानुसार स्वीकृति लें। निगम के जवाब के बाद प्रिसिपल ने वन विभाग अंबाला को पत्र लिखा। 15 दिसंबर, 2018 को उप वन संरक्षक अंबाला वन मंडल अंबाला ने जवाब दिया कि वन राजिक अधिकारी ने स्कूल का निरीक्षण कर जो रिपोर्ट दी है, उसके मुताबिक पेड़ वन विभाग की संपत्ति नहीं है। यह पेड़ नगर निगम के अंतर्गत आता है और आगामी कार्रवाई नगर निगम ही कर सकता है। दोनों ही विभागों के जवाब से स्कूल प्रशासन में मायूसी का आलम है और स्कूल के बच्चों के साथ ही आसपास के मकान मालिकों में भय की स्थिति बनी हुई है। इससे आसपास के मकानों को नुकसान हो सकता है।
पेड़ में उगा है पेड़
यह पेड़ करीब 30 साल पहले 18 दीवार के अंदर उग गया था। पेड़ अब विशालकाय हो गया है और जड़े भी दीवार के अंदर अपनी पकड़ बना चुकी है। इन जड़ों पर ही यह पेड़ टिका है। पिछले वर्ष बारिश में हवा के साथ यह पेड़ झुक गया, जिससे दीवार उखड़ गई। इसीलिए यदि पेड़ तेज हवा के साथ पूरी तरह से उखड़ता है, तो दीवार भी पेड़ के साथ ही गिरेगी। इसीलिए स्कूल प्रशासन इसे खतरनाक मान रहा है और निगम और वन विभाग ने अपना-अपना तर्क देकर पल्ला झाड़ दिया है।