विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबाला के बराड़ा में कार और बाइक की भीषण टक्कर, हादसे में एक युवक की मौत

Published: Tue, 13 Oct 2026 03:37 PM (IST)

बराड़ा के प्रेम नगर उगाला में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक हरजिंदर कुमार की मौत हो गई।

अंबाला के बराड़ा में कार और बाइक की भीषण टक्कर (प्रतीकात्मक फोटो)

अंबाला के बराड़ा में कार और बाइक की भीषण टक्कर (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. बराड़ा में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी।

  2. हादसे में बाइक सवार हरजिंदर कुमार की मौत हो गई।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू की।

जागरण संवाददाता, बराड़ा। बराड़ा थाना क्षेत्र के तहत आने वाले प्रेम नगर उगाला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शाहबाद की ओर से बाइक पर घर लौट रहे दो युवकों को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की इलाज के लिए चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

थाना बराड़ा पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। गांव उगाला निवासी धर्मबीर सिंह (46) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शादियों में वेटर का काम करता है।

12 अक्टूबर की शाम वह शाहबाद मोड़ पर घर आने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान उसका चचेरा भाई हरजिंदर कुमार मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा।

धर्मबीर भी हरजिंदर की बाइक पर पीछे बैठ गया और दोनों अपने गांव उगाला की तरफ चल दिए। प्रेम नगर उगाला के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मारुति कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पास खड़ी एक आवारा गाय से जा टकराई और दोनों सड़क पर जा गिरे।

हादसे में हरजिंदर सड़क के बीचों-बीच गिरा और उसके सिर व मुंह से काफी खून बहने लगा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। कार चालक मौके से फरार हो गया।

राहगीरों और डायल 112 की मदद से गंभीर रूप से घायल हरजिंदर को एमएमयू अस्पताल मुलाना ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

स्वजन एंबुलेंस से हरजिंदर को लेकर चंडीगढ़ जा रहे थे, लेकिन डेराबस्सी के पास हरजिंदर ने सांस लेना बंद कर दिया। इसके बाद परिजन उसे वापस एमएमयू अस्पताल मुलाना लाए, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।