हरियाणा में अग्निवीर भर्ती में सेंधमारी का प्रयास, फर्जी एयर फोर्स अधिकारी गिरफ्तार
अंबाला छावनी में अग्निवीर भर्ती के दौरान मेडिकल जांच में पास कराने के नाम पर ठगी का खुलासा हुआ है। ...और पढ़ें
-1793291418587_m.webp)
अग्निवीर भर्ती में ठगी का प्रयास विफल, फर्जी एयर फोर्स अधिकारी अंबाला में गिरफ्तार।
HighLights
अंबाला में अग्निवीर भर्ती में ठगी का खुलासा
फर्जी एयर फोर्स अधिकारी विष्णु कुमार गिरफ्तार हुआ
मेडिकल पास कराने के नाम पर करता था धोखाधड़ी
जागरण संवाददाता, अंबाला। छावनी में चल रही अग्निवीर भर्ती में अभ्यर्थियों को मेडिकल जांच में पास कराने के नाम पर ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने बुधवार रात को रैना आडिटोरियम के पास से फर्जी एयर फोर्स अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपित फरीदाबाद, वल्लभगढ़ निवासी विष्णु कुमार के कब्जे से इकबाल नाम से एयरफोर्स के आई कार्ड और 10 से अधिक अभ्यर्थियों के दस्तावेज मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, अंबाला कैंट के खड्गा स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली चल रही है। वीरवार को मेडिकल के लिए अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। बुधवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि आडिटोरियम चौक के पास एक स्विफ्ट कार खड़ी है।
कार में मौजूद व्यक्ति भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से संपर्क कर रहा था और उन्हें मेडिकल जांच में पास कराने का भरोसा दे रहा था। इसके बदले रुपये लेने की बात भी सामने आई है। पुलिस को संदेह होने पर दबिश दी। पुलिस को देख आरोपित मौके से भागने लगा, लेकिन उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपित विष्णु कुमार निवासी जीवन नगर सेक्टर- 55 वल्लभगढ़ फरीदाबाद का रहने वाला है। आरोपित के कब्जे से इकबाल खान नाम से फर्जी एयरफोर्स कर्मी का पहचान पत्र मिला, जिस पर आरोपित की फोटो लगी थी।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की फोटोकापी और शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अंबाला कैंट थाने में एफआईआर दर्ज की है।
फरीदाबाद में चलाता है अकादमी
जांच में सामने आया है कि आरोपित फरीदाबाद के वल्लभगढ़ में सोल्जर अकादमी चलाता है। जहां पर वह युवाओं को ट्रेनिंग देता है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की गहनता से जांच करने में जुटी है। आरोपित के कब्जे से अंबाला, दिल्ली और राजस्थान के अभ्यर्थियों के दस्तावेज मिले हैं। इसमें अंबाला के पंजोखरा निवासी प्रदीप सैनी, मनीष समेत 10 से अधिक अभ्यर्थियों के दस्तावेज मिले हैं।
आरोपित से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि आरोपित ने कितने अभ्यर्थियों के साथ ठगी की है। - धर्मवीर सिंह, थाना प्रभारी अंबाला कैंट।
